फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्र ] गुरुग्राम से फरीदाबाद का आने-जाने का सफर अब महंगा हो गया है। टोल कंपनी ने टोल टैक्स की दरें पांच रुपये से लेकर 75 रुपये तक बढ़ा दी हैं। यह नई दरें सोमवार रात 12 बजे से लागू कर दी गईं। जानकारी के अनुसार, बंधवाड़ी गांव के पास स्थित इस टोल प्लाजा से रोजाना औसतन 50 हजार वाहन गुजरते हैं। यह टोल प्लाजा स्टेट हाईवे पर है और लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आता है। नई दरों के अनुसार, निजी और व्यावसायिक वाहनों- कार, जीप व वैन चालकों को अब सिंगल फेरे के लिए 25 रुपये के बजाय 30 रुपये देने होंगे। वहीं 24 घंटे के अंदर आने-जाने के फेरे के लिए 38 रुपये की बजाय अब 45 रुपये टोल टैक्स चुकाना होगा।
वहीं, निजी गाड़ियों का मासिक पास अब 600 रुपये में और व्यावसायिक कार, जीप और वैन का मासिक पास 900 रुपये में बनेगा। मल्टी एक्सल वाहनों को अब एक चक्कर लगाने पर 300 की बजाय 350 रुपये और आने-जाने के फेरे के लिए 525 रुपये टोल टैक्स देना होगा। हल्के व्यावसायिक वाहनों के सिंगल चक्कर पर लगने वाला टैक्स 120 रुपये से बढ़ाकर 130 रुपये कर दिया गया है।
बसों को देना होगा ज्यादा टैक्स
ट्रैक्टर-ट्रॉली के सिंगल चक्कर और आने-जाने के फेरे पर लगने वाले टोल टैक्स की दरों में बदलाव वहीं किया गया है। बसों को अब सिंगल चक्कर लगाने पर 130 रुपये के बजाय 150 रुपये और आने-जाने के फेरे के लिए 195 रुपये के बजाय 225 रुपये टोल टैक्स देना होगा।
”नियमानुसार तय अतंराल के बाद टोल टैक्स की दरें बढ़ाई गई हैं। सोमवार रात 12 बजे के बाद वाहन चालकों को नई दरों के अनुसार ही टोल टैक्स का भुगतान करना पड़ेगा।” -संदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
