सोमवार सुबह देश के सबसे बड़े दो हॉस्पिटल एम्स और सफदरजंग में कुछ घंटे के अंतराल में आग लग गई। गनीमत रही कि दोनों ही घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर सामने नहीं आई और दमकल कर्मियों ने बेहद जल्द आग पर काबू पा लिया। हालांकि, इस दौरान जरूर हॉस्पिटल में हड़कंप मच गया था।
पहली घटना
एम्स अस्पताल में सोमवार तड़के आग लग गई। आग इमरजेंसी के पास ग्राउंड फ्लोर में ओटी के पास स्टोर रूम में लगी थी। मौके पर पहुंची दमकल की सात गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग के निदेशक सुबह सवा 5 बजे आग की सूचना मिली थी। इस घटना के बाद मरीजों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया था।
किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। कुछ देर के लिए इमरजेंसी बंद रही, जो बाद में चालू हो गई। आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। कुछ दिन पहले भी एम्स में आगे लगने की घटना सामने आई थी। 16 जून को एम्स में 9वें फ्लोर पर आग लग गई थी। आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियों को रवाना किया गया था, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था क्योंकि फ्लोर को पहले ही खाली करा लिया गया था।
दूसरी घटना
सफदरजंग अस्पताल की कैंटीन के पास सुबह 7 बजकर 58 मिनट पर आग लग गई थी। यहां दमकल की 3 गाड़ियों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल सका है।
