किसान तीन से चार बार खीरे खेती करने के बाद फसल चक्र प्रणाली को अपनाते हुए शिमला मिर्च की खेती करके अच्छा खासा मुनाफा कमा सकते हैं। इस बारे में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के सब्जी विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर सुरेश कुमार अरोड़ा ने बताया कि भूमि का सौर तपीकरण करने के बाद अगस्त में शिमला मिर्च की ऊपर उठे बैडों पर पौध की रोपाई की जाती है। ऐसा करने के लिए उन्नत एवं सर्वोत्तम शंकर पर प्रजातियों के बारे में किसानों को जानकारी होना बेहद जरूरी है।
शिमला मिर्च के 4 रंग: हरा, लाल, पीला और संतरी
- हरे रंग की उन्नत प्रजातिः इंदिरा, पसरेला, पालाडीन, कावेरी एवं आशा है।
- पीले रंग की फलों की किस्मेंः औरोविल्ले, एन एस-281
- लाल रंग की शिमला मिर्च की वैरायटीः बोम्बी, एनएस 280 एवं इंस्पिरेशन आदि है।
- संतरी रंग की शिमला मिर्च की प्रजातिः नेटा ऑरेंज है।
पौध तैयार करने की विधि
सभी उन्नत प्रजातियों की पौध तैयार करने के लिए ब्लैक प्लास्टिक प्रो ट्रे, नारियल का बुरादा, वर्मीकोलाइट ( खनिज लवण), और परलाईट की जरूरत पड़ती है। काले रंग की प्लास्टिक ट्रे में 99 कटोरिया होती हैं, जिनमें कोकोपीट, परलाइट और वर्मीकोलाइट का मिश्रण (3:1) की मात्रा में भर दिया जाता है। एक प्लास्टिक की खाली ट्रे में 700 ग्राम सुखे मिश्रण की आवश्यकता होती है। प्रत्येक कटोरी में एक बीज शिमला मिर्च का डाला जाता है, जिसे उपरोक्त मिश्रण से ढक दिया जाता है। उसके बाद हल्की सी सिंचाई फव्वारे के द्वारा सुबह शाम की जाती है। यदि मिश्रण की मात्रा ट्रे में कम नजर आए तो एक मुट्ठी वर्मीकोलाइट की प्रति 1 ट्रे के ऊपर वाले भाग में डाल दें। बीज का जमाव 5 से 7 दिन में हो जाता है जिससे 25 से 32 दिन में पौधों रोपाई करने के योग्य बन जाती है।
सूर्य ढलते समय में करें रोपाई
पौध को ऊपर उठे बैडो में लगाना चाहिए जिस पर दो ड्रिप लाइन बिछी होती हैं। पौध की रोपाई हमेशा दोपहर के बाद सूर्य ढलते समय में करें। बेड से बेड की दूरी 170 सेंटीमीटर, कतार से कतार की दूरी 30 से 40 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 40 से 45 सेंटीमीटर रखनी चाहिए। पौधों को सदा बैड के ऊपर प्लास्टिक की ड्रिप लाइन के बाहर लगाना चाहिए और 1 एकड़ में लगभग 9500 से 10000 पौधे लगाए जा सकते हैं। ऐसे में यह भी अति आवश्यक होता है कि पौध की रोपाई से पहले और ड्रिप लाइन बिछाने से पहले ऊपर उठे बैडो को प्लास्टिक की पतली चादर( प्लास्टिक मल्च) से ढक देना चाहिए। इस प्रकार वैज्ञानिक विधि अपनाकर शिमला मिर्च की विभिन्न रंगों के फलों की पौध व फसल तैयार कर सकते हैं।
