जिले में हरियाणा से पेट्रोल डीजल ना केवल तस्करी करके लाया जा रहा है बल्कि खुलेआम बेफिक्र होकर बेचा भी जा रहा है। भास्कर ने अपने 000 अंक में हरियाणा से तस्करी के बड़े रुट और गिरोह का खुलासा किया था। इसके बाद जब भास्कर संवाददाता छोटे छोटे गांवों में पहुंचे तो चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई। हरियाणा से सटे इलाकों में अधिकांश दुकानों पर पेट्रोल डीजल खुलेआम बेचा जा रहा है। कहीं पंचर निकालने की दुकानों पर तो कहीं किराणा की दुकान पर।
दुकानदार एक, दो या पांच लीटर की बोतलों में डीजल पेट्रोल भरकर इस तरह से बेच रहे हैं जैसे किसी का खौफ ही नहीं रहा। दुकानों के बाहर एक-दो नहीं बल्कि दर्जनों बोतलें भरकर रखी जाती हैं। ग्राहक के आने पर दुकानदार उसकी मांग के अनुसार पेट्रोल वाहन की टंकी में भर देते हैं।
कई ग्राहक भरी हुई बोतलें लेकर जाते हैं। वह भी दे दी जाती हैं। जबकि पेट्रोल पंप पर भी इस तरह से पेट्रोल देने पर प्रतिबंध हैं। पेट्रोल हरियाणा से तस्करी कर लाया जाता है। वहां प्रदेश से पेट्रोल करीब दस रुपए सस्ता है। इन दुकानों पर जिले के पंपों से पेट्रोल 7 से 8 रुपए सस्ता मिलता है।
इसलिए चल रहा खेल : एक लीटर पर सात से आठ रुपए का फायदा, इसलिए हर काेई बेच रहा
ये जिम्मेदार, लेकिन होता कुछ नहीं, हादसा भी हो चुका फिर भी नहीं जागे
- पुलिस : इस तरह से पेट्रोल डीजल की बिक्री पूरी तरह से अवैध है। दुकानों पर बोतलों में भरकर बेचना तो और भी खतरनाक है। इसके बावजूद ऐसे लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। हालाकि पुलिस ने बड़े तस्करों पर कार्रवाई की है।
- डीएसओ : कार्रवाई का जिम्मा जिला रसद अधिकारी है। इसके बाद भी आज तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की। ऐसे मामलों में कोई कड़ी कार्रवाई का प्रावधान भी नहीं है। डीएसओ यदि ऐसे मामले पकड़ते भी हैं तो आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता है। मामला कलेक्टर के यहां चलता रहता है और तस्कर बाहर रहकर यह धंधा करते रहते हैं।
दुकानदारों को डर नहीं : वे खुद कहते हैं कोई नहीं आता कार्रवाई के लिए
भास्कर संवाददाता ने बुहाना मोड़, माकड़ो, मोई, भैसावता, गाडाखेड़ा, चिड़ावा बाइपास, गांव ढाणियों सहित कई जगहों पर पड़ताल की। दुकानों पर आधा-आधा घंटा रुककर बेधड़क चल रहा यह पूरा खेल देखा। बुहाना मोड़ पर स्थित पान मसाला व ढाणा गांव की तरफ जाने वाली सड़क पर लाइन से बनी किराणा की दुकानों के बाहर पेट्रोल की बोतल रखकर बेचा जा रहा था। यहां दुकानदार को शक हुआ तो उसने सारी बोतलें दुकान के अंदर रख ली। माकड़ों गांव में खेल मैदान के पास दुकानदार खुले में पेट्रोल व डीजल बेचता मिला। यहां तो बाकायदा एक निजी बस में डीजल भरा गया।
एक जगह दुकानदार से बातों ही बातों में पूछा कि यह तो गलत है। कभी भी कार्रवाई हो सकती है तो उसका कहना था कि यहां आज तक तो कोई आया नहीं। इसलिए कोई चिंता की बात नहीं है। दरअसल, यहां से हरियाणा में बमुश्किल 20 से 25 किमी के दायरे में कई पेट्रोल पंप हैं।
हरियाणा में वेट दर कम होने से पेट्रोल डीजल सस्ता है। गुरूवार को गोद बलावा हरियाणा में पेट्रोल 96.49 रुपए व डीजल 89.75 रुपए था। वहीं सिंघाना क्षेत्र के ढाणी हुक्मा में एचपी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल 107.20 रुपए व डीजल 99.82 रुपए था। यानी पेट्रोल 10.71 रुपए और डीजल में 10.07 रुपए का अंतर था।
तस्करों के लिए यह अंतर ही बड़े मुनाफे का सौदा बनता है। बड़े तस्कर रोजाना हरियाणा से पिकअप में पेट्रोल डीजल ड्रम भरकर लाते हैं और यहां बेचते हैं। इसके बाद गांवों में दुकानों पर इसे बेचा जाता है। जो पेट्रोल पंप की अपेक्षा दो से तीन रुपए सस्ता बेचा जाता है। एक दुकानदार को इसमें एक लीटर पर सात से आठ रुपए की बचत होती है।
नुकसान : कई पंप बंद हो गए, सरकार को घाटा
प्रदेश सरकार ने डीजल पेट्रोल पर वेट अधिक लगाया है ताकि उसके राजस्व में कमाई हो, लेकिन झुंझुनूं जिले में यह दांव उल्टा पड़ रहा है। हरियाणा से हो रही तस्करी के कारण सरकार को तो नुकसान हो ही रहा है बल्कि जिले के सीमावर्ती इलाके में अधिकांश पेट्रोल पंप बंद ही हो गए हैं, क्योंकि सस्ते के चक्कर में वाहन चालक उनके पास आ ही नहीं रहे। जिले की सीमा में हरियाणा बॉर्डर तक करीब 25 से 30 किमी के दायरे में किसी भी मार्ग पर एक भी पेट्रोल पंप नहीं है।
कार्रवाई की जाएगी
डीजल व पेट्रोल की तस्करी करने वालों और इसे अवैध तरीके से बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई उप अधीक्षक रैंक और डीएसओ के स्तर पर होती है। पिछले दिनों ऐसे मामलों में पांच कार्रवाई की है। जिसके बाद तस्करी में कमी भी आई है। जहां तक दुकानों पर बेचने का मामला है तो ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। हालाकि इस तरह के मामलों में लोगों की ओर से शिकायतें नहीं मिलने की समस्या भी आती है।
-संजय शर्मा, सीआई, सिंघाना
