
पंचकूला : हरियाणा के पंचकूला में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। यहां एक 5 साल की बच्ची के पेट से डेढ़ किलो बालों की गुच्छा निकला है। जिसे देख सभी हैरान रह गए। यह सफल ऑपरेशन डॉक्टर डे पर पंचकूला अस्पताल के सीनियर सर्जन डॉक्टर विवेक भादू व उनकी टीम में शामिल डॉ रजत, डॉ रूबल मंत्रो ने किया। बच्ची की हालत अभी ठीक बताई जा रही है। उसके सफल ऑपरेशन के लिए बच्ची के परिजनों ने सभी डॉक्टर का आभार व्यक्त किया है।

जानकारी के मुताबिक बच्ची को कई दिन से पेट दर्द की शिकायत थी। असहनीय पीड़ा के चलते परिजन बच्ची को लेकर पंचकूला सेक्टर 6 के नागरिक अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर्स की टीम ने बच्ची के तमाम टेस्ट करवाएं। जिसमें यह सामने आया कि बच्ची के पेट में बालों का गुच्छा जमा है। जिसके चलते बच्ची के पेट में दर्द हो रहा है। इसके बाद डॉक्टर्स डे के मौके पर सीनियर सर्जन डॉक्टर विवेक भादू व उनकी टीम ने इस 5 साल की बच्ची का ऑपरेशन किया, जो कि सफल रहा। बच्ची को अभी अंडर ऑब्जर्वेशन रखा गया है। उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
इस बारे डॉ विवेक भादू ने बताया कि बच्ची पंचकूला के साथ लगते इलाके चंडीगढ़ की रहने वाली है। डॉक्टर्स डे के मौके पर 5 साल की बच्ची का सफल ऑपरेशन कर उन्हें काफी गर्व महसूस हो रहा है। इस सफल ऑपरेशन के लिए वह और उनकी टीम बधाई के पात्र हैं, इसीलिए तो डॉक्टर को भगवान का दूसरा रूप कहा जाता है जो कड़ी मेहनत कर अपने मरीज को बचाने में दिन रात एक कर देते हैं। वहीं दूसरी और बच्ची के परिजनों ने सभी डॉक्टर का आभार व्यक्त किया।

ढाई साल की उम्र से बाल खा रही थी बच्ची
वहीं बच्ची की मां गुरप्रीत ने बताया कि गुरलीन ढाई साल की उम्र से बाल खा रही थी। कई बार हमने उसके हाथों में बाल देखे थे, लेकिन हमें यह कभी नहीं लगा कि यह बाल खा लेगी। पिछले 10-15 दिनों से गुरलीन पेट दर्द की बात कह रही थी। मैंने जब पेट पर हाथ लगाया तो कोई सख्त चीज सी महसूस हुई। इसके बाद पंचकूला के अस्पताल में गए। जहां पता कि उसके पेट में बाल का गुच्छा है।
