प्रदेश में परीक्षा से पहले पेपर की डील के चलते प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों के सपने टूट जाते हैं। पिछले डेढ़ साल की बात करें तो दो भर्तियों के परीक्षा से पहले ही पेपर वायरल हो गए थे। पेपर आउट के चलते दोनों ही परीक्षाएं रद्द की गई। प्रदेश की सबसे बड़ी परीक्षा रीट में भी पेपर को लेकर 100 करोड़ की डील सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भास्कर ने पिछली भर्तियों को खंगाला तो लाइब्रेरियन और जेईएन भर्ती के पेपर भी परीक्षा से पहले ही वायरल हो गए थे। यहीं नहीं भर्तियों में फर्जी डिग्रीधारियों का भी बोलबाला रहता है। एनटीटी, लैब टेक्नीशियन और सहायक रेडियोग्राफर भर्ती में फर्जी डिग्रियों के कारण बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। इन भर्तियों में अब भी पूरे पद नहीं भरे और बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं।
प्रदेश में इन भर्तियों को लेकर डेढ़ साल में उठा विवाद
लाइब्रेरियन भर्ती में पहले पेपर आउट, अब नियुक्ति को भी तरसे
29 दिसंबर-2019 को आयोजित लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा का पेपर आउट हो गया था। इसमें 700 पदों के लिए 87 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस भर्ती परीक्षा की 19 सितंबर 2020 को परीक्षा हुई और 25 मार्च 2021 को अंतिम परिणाम जारी हुआ। चयन बोर्ड ने 652 पदों पर नियुक्ति की सिफारिश निदेशालय को भेज दी, लेकिन मामला कोर्ट में होने के कारण नियुक्ति अटकी हुई है।
जेईएन भर्ती का पेपर भी हो गया था आउट, परीक्षा अब तक नहीं
पिछले साल 6 दिसंबर को हुई 522 पदों की जेईएन भर्ती सिविल डिग्रीधारी का पेपर आउट हो गया था। इस परीक्षा से पहले ही पेपर वायरल हो गया था। चयन बोर्ड ने करीब पेपर होने के करीब 20 दिन बाद पेपर आउट माना था। अब यह परीक्षा 12 सितंबर को होगी।
पटवारी भर्ती परीक्षा पेपर आउट के डर से ही हो गई थी स्थगित
इस साल जनवरी में होने वाली 4421 पदों की पटवारी भर्ती परीक्षा से पहले दिसंबर में जेईएन भर्ती परीक्षा का पेपर आउट हो गया था। इसी डर से जनवरी में होने वाली पटवारी भर्ती परीक्षा को स्थगित कर दिया गया। इसकी परीक्षा तिथि आज तक घोषित नहीं हुई। अभ्यर्थी परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग कर रहे हैं। रीट की 100 करोड़ की डील से पहले पटवारी भर्ती परीक्षा में चयन के लिए ही सौदा होना सामने आया है।
इन भर्तियों में रहा फर्जी डिग्रीधारियों का बोलबाला
लैब टेक्नीशियन-सहायक रेडियोग्राफर
इन दोनों भर्तियों में ही भर्ती प्रमाण पत्रों के आधार पर चयन का मामला सामने आया है। चयन बोर्ड ने इस मामले में जांच कमेटी बैठाई। जिसमें कई अभ्यर्थियों के अनुभव प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए तो कुछ अभ्यर्थियों के डिप्लोमा पर ही सवाल उठे। पिछले दिनों पैरा मेडिकल काउंसिल ने भी मध्य प्रदेश के चार संस्थानों से डिप्लोमा लाए 413 अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन अस्थायी रूप से रद्द कर दिया था। अब इनके दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन होना है। सहायक रेडियोग्राफर भर्ती में अभी चयनितों को नियुक्ति नहीं मिली है और लैब टेक्नीशियन भर्ती में भी कई पद खाली पड़े हैं और दूसरी प्रतीक्षा सूची जारी होनी है।
एनटीटी भर्ती में फर्जी अभ्यर्थियों का शक, आधे पद खाली
1350 पदों के लिए यह भर्ती 2018 में प्रारंभ हुई थी। फर्जी डिग्रीधारियों के आवेदन का मामला गरमाने से यह भर्ती लंबे समय तक अटकी रही। अब भी इसमें 846 पद खाली हैं। खाली पदों को भरने के लिए दस्तावेज सत्यापन व पात्रता जांच का काम चल रहा है।
