समीपवर्ती भटवाड़ा गांव में शराबी बेटे ने ट्रैक्टर से कुचलकर मां की हत्या कर दी। पिता, बहन, बहनोई, भाई व भाभी को भी बार-बार ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। परिजनों ने भागकर जान बचाई।ग्रामीणों के बीच-बचाव के बावजूद आरोपी ने घटनाक्रम को अंजाम दिया। एक जुलाई काे हुई इस घटना के बाद शनिवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती मां की मृत्यु हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मांगरोल थाना प्रभारी रामविलास मीणा ने बताया भटवाड़ा निवासी छीतरलाल माली (72) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके दो बेटे व दो बेटियां हैं। सभी का विवाह हो चुका है और सब अलग-अलग रहते हैं। एक जुलाई की रात करीब 10.30 बजे वह उसकी पत्नी भूलीबाई (70) के साथ घर के बाहर चबूतरे पर बैठा था। पास ही छोटी लड़की संतोष, दामाद रामधन व अमरलाल, बड़ा बेटा लक्ष्मीचंद और बहू रामभरोसी व लोकेश सहित परिवारजन भी घर के बाहर चबूतरे पर बैठे हुए थे। इतने में ही छोटा बेटा बृजमोहन बारां से ट्रैक्टर लेकर आया उसे खड़ा करके पहले तो मकान के अंदर चला गया। फिर थोड़ी देर में बाहर आकर परिवारजनों से गाली-गलौज और झगड़ा करने लगा। उस समय उसने शराब पी रखी थी।
70 वर्षीया मां ने बारां के जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम, हत्या का केस दर्ज
आसपास के लोगों के समझाने के बाद वह अंदर चला गया। थोड़ी देर में वापस आकर परिवारजनों को मारने की नियत से ट्रैक्टर चढ़ाने लगा। परिवार के अन्य सभी लोग भागकर दूर हट गए, लेकिन उसकी पत्नी भूलीबाई (70) वहां से नहीं हट सकी, तो बृजमाेहन ने उसके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया जिससे वह गंभीर घायल हो गई। इसके बाद उसने बाकि परिजनाें काे भी बार-बार ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया गया, लेकिन गांव के ही लोगों ने समझाने के बाद परिजन घायल पत्नी भूलीबाई को लेकर अस्पताल में लाए।
उसकाे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। थानाधिकारी ने बताया बारां जिला अस्पताल में शनिवार सुबह इलाज के दौरान भूलीबाई की मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और अाराेपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
