कोरोना की तीसरी संभावित लहर के मद्देनजर कोरोना नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रवैया अपना रही है। दिल्ली में कोविड-19 महामारी की स्थिति में सुधार के मद्देनजर मॉल, बाजार और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के खुलने के साथ ही जिला प्रशासन ने अधिक संख्या में एनफोर्समेंट टीमों को तैनात किया है तथा कोविड-19 नियमों के उल्लंघन को लेकर ज्यादा चालान जारी किए जा रहे हैं। कोविड प्रोटोकॉल के संबंध में दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के आदेशों का उल्लंघन करने पर हर दिन करीब 6,000-7,000 चालान जारी किए जा रहे हैं। इनमें मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना और सार्वजनिक स्थलों पर नहीं थूकने जैसे कई अन्य नियम के उल्लंघन शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में 11 जिलों में 150 लॉ एनफोर्समेंट टीमों ने 29 और 30 जून को क्रमश: 6,775 और 6,643 चालान जारी किए।
नियम तोड़ने पर एक महीने में सात करोड़ के चालान काटे
