“मैं मरना नहीं चाहता, लेकिन मजबूर हूं। उसने मुझे धोखा दिया है। उसके मां-बाप को भी बता चुका हूं, लेकिन उसे नहीं समझाया। मेरे मरने के बाद ही उसे समझ आएगी।” ये बातें तीन साल पहले लव मैरिज करने वाले युवक ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर बोली हैं। इसके बाद से ही वह लापता है। उसकी पत्नी ने ओल्ड इंडस्ट्रियल थाने में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई है। गोपाल कॉलोनी प्रीति ने बताया कि उसने तीन साल पहले सिद्धार्थ नगर निवासी सरफराज अंसारी (27) से लव मैरिज की थी। पति एक फैक्ट्री और वह एक मेडिकल स्टोर पर काम करती है। बताया कि पति के शराब पीने के कारण बीते एक सप्ताह से उनका झगड़ा चल रहा है। सोमवार रात को झगड़े के बाद उसने पति से तलाक मांग लिया। पति बोला कि मंगलवार को कोर्ट में तलाक ले लेंगे, वह भी उससे परेशान है। मंगलवार सुबह पति बोला कि 11 बजे कोर्ट में आ जाना, तलाक ले लेंगे और बाइक व बैग लेकर निकल गया। वह कोर्ट नहीं गई। मंगलवार शाम करीब 5 बजे पति ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर मरने की बात कही। उसके बाद से वह लापता है। फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है।
मोबाइल पर नोटिफिकेशन आया तो पत्नी ने देखा वीडियो
प्रीति ने बताया कि पति का सोशल मीडिया अकाउंट उनके मोबाइल पर भी खुला रहता है। उसने पति का अकाउंट देखा तो उसपर लाइव वीडियो मिली। उसके तुरंत बाद उसने पति को कॉल किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पति के दोस्तों के फोन आने लगे। वह पति को ढूंढने नहर पर गई, लेकिन न तो पति और न ही उसकी बाइक व अन्य सामान मिला।
परिवार में सबसे छोटा है, चार महीने पहले हुई पिता की मौत
सरफराज अंसारी 6 भाई-बहनों में सबसे छोटा है। पिता गफ्फार अंसारी की करीब चार महीने पहले बीमारी के कारण मौत हो चुकी है।
बच्चा है नहीं, शादी के बाद परिजन से भी बोलचाल है बंद
प्रीति ने बताया कि उन्हें अभी तक कोई बच्चा नहीं है। उनके परिजन शादी के खिलाफ थे, लेकिन उन्होंने परिजनों को बताकर सरफराज से शादी कर ली। अब परिजनों से उनकी बोलचाल बंद है।
