
रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) के कॉप यूनिवर्स की सबसे बड़ी फिल्म ‘सूर्यवंशी’ (Sooryavanshi) रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार थी जब कोविड के चलते देशभर में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया. फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया जा चुका था लेकिन बावजूद इसके मेकर्स ने फिल्म को अनिश्चितकाल के लिए पोस्टपोन करना ही सही समझा.
कब रिलीज होगी अक्षय की सूर्यवंशी?
महीनों तक सिनेमाघरों में ताले पड़े रहे और जब थिएटर्स खुले भी तो कई तरह के नियम और शर्तों के साथ. लोगों ने भी थिएटर्स से दूरी बनाए रखना ही ठीक समझा. ऐसे में कई फिल्मों को OTT पर रिलीज कर दिया गया तो वहीं तमाम ऐसी थीं जिन्हें होल्ड पर रखा गया. सूर्यवंशी (Sooryavanshi) भी ऐसी ही मेगाबजट फिल्मों में से एक है. अब सवाल ये उठता है कि फिल्म कब रिलीज होगी?
थिएटर्स के खुलने पर अटकी सारी बात
हाल ही में खतरों के खिलाड़ी सीजन 12 (Khatron Ke Khiladi 12) के ग्रांड लॉन्च में रोहित से इस बारे में सवाल किया गया. सूर्यवंशी (Sooryavanshi) कब रिलीज होगी इस सवाल के काउंटर में रोहित (Rohit Shetty) ने कहा- सवाल ये है कि थिएटर्स कब खुलेंगे? यानि एक बात तो साफ है कि रोहित अपनी फिल्म को सिर्फ थिएटर्स में ही रिलीज करेंगे. फिल्म के OTT पर रिलीज होने की संभावनाएं शून्य हैं.
तीन बार बदली जा चुकी है रिलीज डेट
बता दें कि फिल्म पिछले साल 24 मार्च को रिलीज होनी थी. लेकिन लॉकडाउन लग गया और फिर अनाउंसमेंट किया गया कि इसे दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा. वो वक्त भी निकल गया और फिर मेकर्स ने फिल्म को इस साल 30 अप्रैल के दिन सिनेमाघरों में रिलीज करने की बात कही थी. अब तक फिल्म की तीन रिलीज डेट तय की जा चुकी हैं लेकिन फिर भी फिल्म रिलीज नहीं हो सकी है.
