देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है। इस बीच केंद्र ने पर्यटन स्थलों को खोलने का आदेश दिया है। देश में पर्यटन स्थल खुलने के साथ ही हिल स्टेशनों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लोग हिल स्टेशनों पर कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। मसूरी, नैनीताल, शिमला पहुंचे लोग के मुंह पर न तो मास्क है और न ही सोशल डिस्टेंसिंग। केंद्र सरकार ने लोगों के इस व्यवहार को लेकर चिंता जताई है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में शनिवार को अचानक सैलानियों की संख्या में इजाफा हो गया। यहां पर्यटक कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आए। लोगों के मुंह पर न तो मास्क था और न ही सोशल डिस्टेंसिंग। एक ट्रेवल एजेंट ने कहा कि एक साल से भी अधिक समय से होटल खाली थे लेकिन अब हिमाचल पर्यटकों से भरा हुआ है। हमें वायरस के फैलने का डर है। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी है। कसौली में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। यहां पुलिस ने लोगों के मास्क न पहनने पर चालान काटे।
वहीं, महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोनावाला में पिकनिक मनाने के लिे बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। यहां पर्यटकों को हटाने के लिए पुलिसकर्मी को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। गौरतलब है कि पीएम ने हिल स्टेशनों पर बढ़ रही भीड़ को लेकर चिंता जताई थी। मोदी ने कैबिनेट मीटिंग में कहा था कि लोग घरों से बाहर बिना मास्क के घूम रहे हैं। इससे कोरोना की लड़ाई कमजोर होगी। हममें कोरोना को लेकर भय होना चाहिए।
