हरियाणा के हिसार जिले की गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी के वर्क्स विभाग के पर्सनल असिस्टेंट को सस्पेंड कर दिया गया है। उस पर छात्राओं से फोन नम्बर मांगने, चरित्र पर टिप्पणी करने व लैब के कम्प्यूटर पर अश्लील वीडियो देखने के आरोप हैं। मामले में जांच करते हुए कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आरोपी को सस्पेंड किया गया है। मामले में करीब 6 महीने पहले शिकायत हुई थी। उस समय आरोपी पर्यावरण विभाग में सीनियर स्केल स्टेनोग्राफर के पद पर कार्यरत था। इसी बीच उसका पर्सनल असिस्टेंट के पद पर प्रमोशन भी हो गया। मामले में 30 छात्राओं ने वीसी को शिकायत दी थी कि विभाग का नॉन टीचिंग स्टॉफ उनका यौन उत्पीड़न करने का प्रयास कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद मामला 4 सदस्यीय जांच कमेटी को सौंपा गया था। कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद रजिस्ट्रार ने आरोपी को निलंबित कर दिया है।
