गुरदासपुर : पंजाब की नौजवान पीढ़ी विदेश जाने के लिए कई तरह के तरीके अपना रही है और ज़्यादातर नौजवान लड़कियों का सहारा लेकर विदेश जाना चाहते हैं। परन्तु इसके चक्कर में वह ठगी का शिकार हो रहे हैं। ताज़ा मामला गुरदासपुर के गांव खोखर से सामने आया है, जहाँ एक नौजवान लवप्रीत और उसके परिवार ने आरोप लगाए हैं कि उसने पटियाला की एक लड़की मनदीप कौर के साथ 6 साल पहले अपने लड़के का विवाह करवाया था और लाखों रुपए ख़र्च कर लड़की को विदेश भेजा था कि वह उसके लड़के को भी अपने पास बुला लेगी। परन्तु बाहर जा कर लड़की बदल गई और लड़के पर झूठा दहेज़ का मामला दर्ज करवा कर चोरी छिपे तलाक लेने की कोशिश की। पीड़ित परिवार ने मांग की है कि ऐसी धोखेबाज़ लड़की के ख़िलाफ़ सख़्त कार्यवाही की जाए और इसको डिपोर्ट किया जाए।
इस संबंधी जानकारी देते पीड़ित लड़के लवप्रीत सिंह ने बताया कि 6 साल पहले उसका विवाह पटियाला की मनदीप कौर के साथ पूरे रीति रिवाज़ों और घर वालों की सहमति के साथ हुआ था। विवाह से एक साल बाद उसने लड़की को पढ़ाई करवा कर 25 से 30 लाख रुपए ख़र्च कर कैनेडा भेज दिया जब एक साल बाद उसने मनदीप को कहा कि वह उसे कैनेडा बुला ले तो उसने कई बहाने मारने शुरू कर दिए। परिवार के कहने के बाद उसने उसे एक साल का वीज़ा भेज दिया। पीड़ित ने आरोप लगाए कि जब वह कैनेडा चला गया तो उसकी पत्नी ने उससे और पैसों की मांग कर फीसें जमा करवाई। वीज़ा ख़त्म होने के बाद जब उसने कहा कि उसका वीज़ा और बढ़ाया जाए तो उसने कहा कि वह वीज़ा तो बढ़ाएगी जब वह उसे पांच लाख रुपए ओर देगा जब उसने पैसे देने से इन्कार कर दिया तो उसने धमकी दी कि वह भारत में रह रहे उसके माता-पिता के ऊपर झूठा दहेज़ का पर्चा करवा देगी। जिसके बाद वह परेशान होकर वापस आ गया। इसके बाद लड़की ने उसके साथ बातचीत करनी बंद कर दी और जब वह भारत वापस आया तो उसको पता चला कि उसके माता-पिता ने तलाक के कागज़ लगाए हुए हैं और उसके ऊपर दहेज का झूठा केस दर्ज करवाया हुआ है। पीड़ित लड़के और उसके माता-पिता ने कहा कि वह इंसाफ़ के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं परन्तु लड़की के परिवार पर अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं हुई।
