बहादुरगढ़ में रविवार देर रात एक महिला की हत्या की घटना सामने आई है। मामला घरेलू तकरार का है, जो इतनी बढ़ गई कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के पेट में चाकू घोंप दिया। इसके बाद महिला वहीं जमीन पर गिर पड़ी। सूचना के बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में भिजवाने के साथ ही हत्या का केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना संत कॉलोनी की है। मिली जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय संगीता और उसके पति योगेश के बीच रविवार सुबह किसी बात को लेकर तकरार हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि रात में फिर से दोनों में विवाद हुआ और संगीता के पेट में चाकू घोंपने के बाद योगेश घर के बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गया। दूसरे कमरे में उसकी 10 साल की बेटी थी, जिसके शोर मचाने पर पड़ोसियों ने बाहर से दरवाजा खोला। मौके पर पहुंचे योगेश के भाई ने आनन-फानन में अपनी भाभी को अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे रेफर किया गया तो दूसरे अस्पताल में ले गए, लेकिन वहां संगीता को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक संगीता के बेटे के बयान पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। शहर थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि आरोपी योगेश टैक्सी चलाता है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
News source from : dainikbhaskar
