सरकार ने काफी ढील देते हुए ‘महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा’ लॉकडाउन को एक सप्ताह और बढ़ा दिया है। नए नियम व शर्तें 19 जुलाई की सुबह 5 बजे तक लागू रहेंगे। यूनिवर्सिटीज ऑफलाइन एग्जाम करा सकेंगी। इसके लिए हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट विस्तृत गाइडलाइन जारी करेगा। आईटीआई इंस्टीट्यूट में भी डाउट व प्रैक्टिकल क्लासेज लग सकेंगी। कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और ट्रेनिंग सेंटर खोल दिए हैं। शादियों व अंतिम संस्कार में अब लोगों के इकट्ठा होने की सीमा 100 कर दी गई है। इसी प्रकार खुले मैदान में भी अब 200 लोगों के इकट्ठा होने की छूट रहेगी। 50 प्रतिशत क्षमता के साथ सिनेमा हॉल खोले जा सकेंगे। स्पा भी खाेलने की छूट दी गई है। स्वीमिंग पूल अभी खिलाड़ियों के लिए खोले गए हैं। मुख्य सचिव विजय वर्धन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि सभी छूट के साथ शर्तें भी रहेंगी। इसके अलावा सरकार ने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की ओर से 23 जुलाई को क्लैट आयोजित किए जाने की छूट दे दी है।
शिक्षा: यूनिवर्सिटी, कॉलेजों में प्रैक्टिस क्लास जहां लगाई जा सकेंगी, वहीं यूनिवर्सिटी प्रशासन चाहे तो ऑफलाइन एग्जाम भी करा सकेंगे। हॉस्टल में रह छात्र परीक्षा के दौरान ठहर सकेंगे। आईटीआई इंस्टीट्यूट में भी डाउट व प्रैक्टिकल क्लासेज लग सकेंगी।
कोचिंग सेंटर: सरकार ने कोचिंग सेंटर भी खोल दिए हैं। ऐसे में बच्चे अब नौकरी की तैयारी कर सकेंगे। इसके अलावा ट्रेनिंग सेंटर व लाइब्रेरी को भी खोलने की छूट दे दी है।
समारोह: अब शादी समारोह व अंतिम संस्कार में 100 लोग इकट्ठा हो सकेंगे। पहले 50 तक इकट्ठा होेने की छूट दी गई थी। इसके साथ ही खुले में होने वाले आयोजनों में 200 तक लोग इकट्ठा हो सकेंगे। पहले 50 से ज्यादा को अनुमति नहीं थी।
सिनेमा-स्पा: सिनेमा हाॅल अब खोल दिए गए हैं। परंतु वहां 50 प्रतिशत क्षमता के साथ ही लोग बैठ सकेंगे। इसके अलावा स्पा भी सुबह 6 रात 8 बजे तक खुले रहेंगे।
स्वीमिंग पूल: सरकार ने शर्त के साथ स्वीमिंग पूल खोलने की अनुमति दे दी है। अभी यहां केवल प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ी प्रवेश कर सकेंगे। इसके साथ ही प्रतियोगिताएं भी हो सकेंगी।
यह पहले की तरह खुलेंगे… बाजारों में दुकानें और मॉल पहले की तरह ही खुलेंगे। इनका समय और नहीं बढ़ाया गया है। इसी प्रकार रेस्टोरेंट, बार को भी और ढील नहीं मिली है। धार्मिक स्थलों में अभी भी एक साथ 50 से ज्यादा लोग प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
