दिल्ली मेट्रो के एरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर पर गतिरोध समाप्त हो गया है। बुधवार दिन में हुई रिज मैनेजमेंट बोर्ड की बैठक में मेट्रो से प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई। अलग-अलग वन क्षेत्र से गुजरने वाले इस कॉरिडोर को लेकर गतिरोध बना हुआ था। मेट्रो की इस लाइन को महिपालपुर, किशनगढ़, छतरपुर, इग्नू, साकेत और आनंदमई मार्ग से होकर गुजरना है। इस लाइन का कुछ हिस्सा जंगल की जमीन पर पड़ता है। खासतौर पर दक्षिणी रिज से 2.844 किलोमीटर, दक्षिण मध्य रिज से 1.491 किलोमीटर और मॉरफोलॉजिकल रिज से 3.774 किलोमीटर हिस्सा गुजरना है। इस हिस्से में मेट्रो को लाइन बिछाने, स्टेशन बनाने व अन्य संचालन संबंधी कार्यों के लिए जमीन की आवश्यकता है। जिसके लिए पेड़ भी काटे जाने हैं। सूत्रों के मुताबिक रिज मैनेजमेंट बोर्ड की मार्च में हुई बैठक में भी इस प्रस्ताव को लाया गया था। लेकिन, उस समय बताया गया कि उक्त प्रस्ताव पर हाईकोर्ट में मामला चल रहा है। जिसके बाद इसे सेंट्रल एंपावर कमेटी के पास भेजा गया है। इसके चलते मार्च में हुई बैठक में इस पर चर्चा नहीं की गई। सेंट्रल एंपावर कमेटी ने बाद में स्थलों का निरीक्षण आदि करने के बाद रिज मैनेजमेंट बोर्ड से उसकी सिफारिशें मांगी थी। इस पर तीन जून को बोर्ड की बैठक हुई। उक्त बैठक में मेट्रो से वैकल्पिक प्रस्ताव देने को कहा गया था। सूत्रों सी माने तो बुधवार को हुई बैठक में मेट्रो की ओर से वैकल्पिक प्रस्ताव भी रखा गया। हालांकि, विचार विमर्श के बाद पहले के प्रस्ताव को ही बेहतर मानते हुए पारित कर दिया गया।
रंगपुरी में मेट्रो डिपो नहीं बनाकर 8000 पेड़ कटने से बचाए
दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता अनुज दयाल ने बताया कि मेट्रो फेज चार में बन रहे तुगलकाबाद से एरोसिटी कॉरिडोर के निर्माण के प्रभाव को कम करने के लिए हमने बहुत प्रयास किया है। हरित क्षेत्र का कम से कम नुकसान हो इसके इस कॉरिडोर के लिए रंगपुरी पहाड़ी मे मेट्रो ट्रेन डिपो बनाने के लिए 31 हेक्टेयर की जगह चिन्हित की गई थी। जिससे 8000 पेड़ पर भी प्रभाव पड़ता। मगर हमने अब रंगपुरी पहाड़ी में मेट्रो ट्रेन डिपो नहीं बनाने का फैसला किया है। अब इस लाइन के लिए सरिता विहार और अजरौंदा में डिपो की क्षमता बढ़ा रहा है। उसके लिए तुगलकाबाद से सरिता विहार तक इस लाइन का विस्तार कर रहा है। हम रिज क्षेत्र में एरोसिटी से तुगलकाबाद कॉरीडोर के निर्माण को मंजूरी देने के निर्णय की सराहना करते है। इससे हमें परियोजना को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
