फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] स्मार्ट सिटी में सबसे ज्यादा हादसे रविवार को हो रहे हैं। वहीं सड़कों पर सबसे ज्यादा हादसों का शिकार दोपहिया वाहन सवार और उसके बाद पैदल चलने वाले हो रहे हैं। चारपहिया वाहन चालकों को हादसों के लिए सबसे ज्यादा जिम्मेदार माना गया है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पुलिस ने 2019 के अंतिम तिमाही, वर्ष 2020 और वर्ष 2021 में जनवरी से जून माह तक जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 579 मामलों का विश्लेषण किया है। इसी आधार पर यह निष्कर्ष निकाला गया है। पुलिस के विश्लेषण के मुताबिक, रविवार को सबसे ज्यादा सड़क हादसे होते हैं। इसके बाद शनिवार और सोमवार को होते हैं। वहीं शुक्रवार को सबसे कम हादसे होते हैं। 579 मामलों में से रविवार को 100 सड़क हादसे हुए। सोमवार को 91 हादसे जबकि शनिवार को 85 हादसे हुए थे। सड़क हादसे सबसे ज्यादा शाम 4:00 बजे से लेकर रात 8:00 बजे तक होते हैं। इस अवधि में 579 मामलों में से 160 हादसे घटित हुए थे। रात 8:00 बजे से रात12:00 बजे के बीच 108 सड़क दुर्घटनाएं हुईं थीं। वहीं दोपहर 12:00 से शाम 4:00 बजे तक 98 हादसे हुए थे। सबसे कम हादसे रात 12:00 बजे से सुबह 4:00 बजे तक हुए। इनकी संख्या 53 थी। इन जगहों पर ज्यादा दुर्घट पुलिस के मुताबिक सड़क हादसे बल्लभगढ़ मेट्रो स्टेशन, नीलम-अजरौंदा मेट्रो स्टेशन, एनएचपीसी रोड, शिव कॉलेज, तिगांव, नीलम चौक, आदर्श नगर थाना से आईएमटी रोड, सराय ख्वाजा थाने के सामने वाली सड़क, सेक्टर-48 मस्जिद मोड़ आदि स्थानों पर हो रहे हैं।
दोपहिया सवारों के साथ सबसे ज्यादा हादसे
दोपहिया वाहन सवारों के साथ कुल 290 हादसे हुए। इनमें से सबसे ज्यादा हादसे 198 चार पहिया वाहनों से हुए। दूसरे नंबर पर दोपहिया सवारों को टक्कर मारने वाले भी दोपहिया सवार थे, इनकी संख्या 38 थी। इसके बाद 33 दोपहिया सवारों को ट्रकों ने टक्कर मारी। वहीं बस की वजह से चार हादसे हुए तो ऑटो की वजह से दोपहिया सवारों के साथ तीन हादसे हुए।
33 प्रतिशत हादसे पैदल सवारों के साथ हुए
जिले में 33 प्रतिशत हादसे पैदल लोगों के साथ हुए हैं। पैदल लोगों के साथ हादसों के लिए चार पहियों वाले वाहनों का स्थान सबसे ऊपर है। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, चार पहिया वाहनों ने 92 पैदल लोगों को और दोपहिया वाहनों ने 45 पैदल लोगों को टक्कर मारी। ट्रकों की टक्कर से सिर्फ 14 लोग ही हादसों का शिकार हुए। वहीं 35 ऐसे अज्ञात वाहन भी थे, जो टक्कर मारकर फरार हो गए। बसों की वजह से दो और ऑटो की वजह से सिर्फ एक पैदल सड़क हादसे का शिकार हुआ।
