नंदकट्ठी निवासी एक युवक ने अपनी मां पर केरोसिन छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। घटना में महिला करीब 90 फीसद तक झुलस चुकी है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही नंदिनी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताय कि ग्राम नंदकट्ठी निवासी सूर्यकांत वर्मा ने अपनी मां मधु वर्मा (50) पर केरोसिन छिड़ककर उसे आग लगा दिया। शाम को मधु वर्मा अपनी बेटी रेणुका और पोती के साथ घर पर थी। वहीं उसका पति कृष्णा वर्मा काम पर गया हुआ था। शाम करीब चार बजे आरोपित सूर्यकांत वर्मा घर पर पहुंचा और उसने अपनी बेटी को नहलाने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद के दौरान आरोपित सूर्यकांत वर्मा ने अपनी बहन और बेटी को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और परछी में अपनी मां पर केरोसिन छिड़ककर उसे आग लगा दिया। उसके चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आस पास के लोग वहां गए और आग को बुझाया। महिला को फौरन अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने महिला का अस्पताल में बयान लिया है। जिसमें उसने अपने बेटे सूर्यकांत वर्मा के कृत्य के बारे में बताया है। उसकी हालत काफी ज्यादा गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपित ड्राइवर का काम करता है और आदतन नशेड़ी है। उसके नशे की लत के चलते ही उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर अपने मायके में रहती है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
