फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] स्मार्ट सिटी में रविवार रात और सोमवार को दिनभर हुई बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। करीब 70 एमएमए बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में जलभराव हो गया। कुछ इलाकों घंटों बिजली गुल रहीं। इससे पेयजल आपूर्ति भी बाधित रही। यातायात व्यवस्था चरमरा गई। लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सोमवार को शहर के पॉश सेक्टर हो, या फिर कॉलोनियां सभी इलाकों में जलभराव हो गया। अधिकांश सड़के नालों में तब्दील हो गईं। बारिश ने नगर निगम के पानी निकासी के बंदोबस्त और नालों की सफाई की पोल खोल दी। हर तरफ लोग जलभराव से लोग परेशान रहे। कोई सड़क पर जाम में फंसा रहा तो कोई अंडरपास में पानी से जूझता दिखा। पानी निकासी सुचारू नहीं होने से कई इलाकों में लोगों के घरों में पानी भर गया। सड़कों पर जलभराव से नगर निगम प्रशासन हरकत में आया। नगर निगम आयुक्त डॉ. गरिमा मित्तल ने इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारियों को सड़कों पर उतारा और जगह-जगह पंपिंग सेट लगवाकर पानी निकलवाया। नगर निगम अधिकारियों का दावा है कि सभी डिस्पोजल शुरू कर दिए गए और अतिरिक्त पंपिंग सेट लगाकर पानी निकाला गया।
पेयजल संकट गहराया
बारिश में बिजली गुल होने से शहर के अधिकांश इलाकों में पेयजल संकट गहराया गया। बिजली नहीं होने के कारण यमुना किनारे रैनीवेल से पानी आपूर्ति नहीं हो सकी। साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में एनएच इलाके, एनआईटी की कॉलोनियों में लगी ट्यूबवेल भी बिजली नहीं आने तक बंद रही। जैसे-जैसे बिजली आपूर्ति सुचारू हुई तो पेयजल आपूर्ति भी कुछ शुरू हुई।
पानी को निकाला जा रहा
नगर निगम के मुख्य अभियंता रामजीलाल ने बताया कि लगातार बारिश होने के कारण सड़कों पर पानी भरा है। पानी को निकाला जा रहा है। कई इलाकों में बिजली नहीं होने से पानी निकासी और पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी।
शहर में हुए जलभराव के तीन प्रमुख कारण
1 -नालों-नालियों की समुचित सफाई नहीं होना
शहर में 48 बड़े नाले हैं, जिनमें से अधिकांश की समुचित सफाई नहीं हुई। आधी अधूरी सफाई बारिश में और मुसीबत बन गई। जबकि जल निकासी के इंतजामों के लिए नगर निगम अपने वार्षिक बजट
में करीब 79 करोड़ रुपये का प्रावधान करता है। कई नाले गंदगी से अटे पड़े हैं तो कई नालों की सफाई आधी-अधूरी की गई है।
2 -शहर में फ्लो के साथ पानी की निकासी नहीं
कई इलाकों में नालों को बंद कर दिया गया है। नालों पर पार्क विकसित कर दिए गए हैं। अब पानी को डिस्पोजल से दूसरे नालों में डाला जाता है। शहर में कहीं भी पानी की निकासी स्वत नहीं है। पंपिंग सेट या डिस्पोजल के माध्यम से ही पानी निकासी की जाती है। जब किसी भी कारण से डिस्पोजल या पंपिंग सेट नहीं चलते हैं तो सड़कों पर जलभराव हो जाता है।
