
समाजवादी पार्टी ने पिछड़ी और अति पिछड़ी जातियों को इकट्ठा करने के लिए एक नई योजना बनाई है। इसके लिए प्रदेश को 4 हिस्से में बांटा गया है और इसकी कमान पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राजपाल कश्यप को दिया गया है। इस योजना पर एमएलसी राजपाल कश्यप ने कमर कस ली है राजपाल कश्यप लगातार विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इस अभियान के जरिए जातीय गोलबंदी और जातीय समीकरण का भी पता लगाया जा रहा है इसके लिए तमाम विधानसभा क्षेत्रों का समाजवादी पार्टी के तमाम नेता दौरा कर रहे हैं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों से मुलाकात भी कर रहे हैं। और सबसे बड़ी बात इसकी शुरुआत पूर्वांचल से की गई है।
सपा का आधार भी पिछड़ी जाति का ही रहा है लेकिन यादव और मुस्लिम को छोड़कर अन्य बिरादरी में समाजवादी पार्टी का कोई खास प्रभाव रहा नहीं है विपक्षी दल तमाम बिरादरी के वोट में सेंध लगाने में कामयाब रहती है। सपा ने पिछड़ी और अति पिछड़ी जातियों को लामबंद करने के लिए अभियान शुरू किया है। इसमें विधानसभा क्षेत्रवार अति पिछड़ी जातियों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसी आधार पर संगठन में भी भागीदारी बढ़ाई जा रही है। राजपाल कश्यप सुल्तानपुर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली में विधानसभा क्षेत्रवार सम्मेलन कर चुके हैं।
वह 27 को वाराणसी, 28 को सोनभद्र, 29 को मिर्जापुर, 30 को भदोही और 31 जुलाई व एक अगस्त को प्रयागराज में रहेंगे। अति पिछड़ी जाति के लिए हुए एक-एक कार्य को बाकायदे मंच और दस्तावेज के जरिए उन तक पहुंचाया जा रहा है। अगले चरण में मध्य यूपी और फिर बुंदेलखंड में यह अभियान चलेगा। अंतिम चरण में पश्चिमी यूपी को शामिल किया गया है। लगभग 52 फीसदी वोटबैंक पिछड़ी जाति का पिछड़ी और अति पिछड़ी जाति को लेकर सपा के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ भाजपा और बसपा ताल ठोंक रही है तो दूसरी तरफ अलग-अलग जाति के नए संगठन भी चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।
इस योजना में समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता पिछड़े वर्ग के वोटबैंक को सहेजने में लग गए हैं। अति पिछड़ी जातियों में केवट, मल्लाह, बिंद, बढ़ई, लोहार, कुम्हार, कहार, माली, बियार, बारी आदि जातियां अलग-अलग सीटों पर निर्णायक भूमिका में हैं।
