
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही है। सिरसा के विरूद्ध दिल्ली पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया है। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में तैनात सब इंस्पेक्टर शेखर चौधरी की ओर से इस संबंध में बताया गया है कि मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। इसका सीधा मतलब है कि सभी हवाई अड्डों पर मनजिंदर सिंह सिरसा को रोकने का आदेश जारी हो गया है उन्हें किसी भी इमिग्रेशन काउंटर से अब इन्हें क्लीयरेंस नहीं मिलेगा।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में हुए एक कथित घोटाले को लेकर चल रही जांच के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट पंकज शर्मा ने कहा था कि, शिकायतकर्ता की ओर से व्यक्त की गई आशंका और उचित जांच के हित को देखते हुए जांच अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि मनजिंदर सिंह सिरसा भागने न पाएं। इस संबंध में शिकायत कर्ता भूपेंदर सिंह ने पहले कोर्ट से शिकायत की गई थी। अदालत ने पुलिस को इस मामले में 26 जुलाई तक प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश देते हुए कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।
