
शहर से डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली ईकोग्रीन कंपनी के नाम पर कुछ ठेकेदार फर्जी रसीद छपवाकर रेहड़ी पटरीवालों से भी वूसली करने लगे हैं। ये खेल पूरे शहर में चल रहा है, लेकिन कंपनी को इसकी जानकारी तक नहीं है। मामला मीडिया में आने के बाद कंपनी अधिकारियों का कहना है कि इस मामले का संज्ञान लिया जाएगा। जो भी लोग शहर के रेहड़ी पटरी वालों से वूसली कर रहे हैं, उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
करीब चार साल से ईकोग्रीन कंपनी शहर में डोर टू डोर कूड़ा उठाने में लगी है। इसके बदले कंपनी मामूली शुल्क भी वसूल करती है। शहर से एक दिन में करीब 800 टन कूड़ा निकलता है। जिसे कलेक्शन सेंटर से उठाकर बंधवाड़ी प्लांट पहुंचाया जाता है। इस कंपनी के नाम पर कुछ ठेकेदार भी वसूली करने में जुट गए हैं। चूंकि इतना बड़ा शहर होने के कारण कंपनी भी हर जगह जांच पड़ताल नहीं कर पाती। इसी का फायदा ठेकेदार उठा रहे हैं। ये लोग कंपनी के नाम का फर्जी रसीद छपवाकर मार्केट में दुकान लगाने वाले रेहडी पटरी वालों से भी यूजर चार्ज के नाम पर वसूली कर रहे हैं।
ये मामला सेक्टर 28-29 में सामने आया है। यहां पर कचौड़ी की रेहड़ी लगाने वाले दुकानदार से ईकोग्रीन के नाम पर 120 रुपये वसूल कर लिया। आस पास के दुकानदारों ने बताया कि यहां हर महीने ईकोग्रीन के ठेकेदार मार्केट में आते हैं और रेहड़ी वालों से वसूली करके ले जाते हैं। इस बारे में जब कंपनी के सीईटो संजय शर्मा का कहना है कि उनकी कंपनी रेहड़ी पटरी वालों से यूजर चार्ज नहीं लेती है। उनका कहना है कि यदि कोई इस तरह से यूजर चार्ज ले रहा है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है।
रेहड़ी पटरीवालों से यूजर चार्ज न देने की अपील
शर्मा ने शहर के सभी रेहड़ी पटरी वालों से अपील करते हुए कहा है कि उनकी कंपनी की ओर से किसी प्रकार के यूजर चार्ज की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में रेहड़ी पटरी वाले किसी को यूजर चार्ज न दें।
News Source : bhaskar
