
अगर आप बिजली बिल से परेशान है तो आपकी ये समस्या अब जल्द ठीक होने वाली है। हरियाणा में आपके बिल में बड़ी से बड़ी समस्या अब सिर्फ 7 दिन में ठीक हो जाएगी। अगर ऐसा नहीं होता तो बिजली अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।हरियाणा में लगातार बिजली बिल से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही थी। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग ने उपभोक्ताओं को बगैर रीडिंग लिए भारी-भरकम बिल थमाने, खराब मीटरों को बदलने में ढिलाई और शिकायतों के समाधान में देरी पर बिजली वितरण निगमों को फटकार लगाई है।
यही नहीं सोनीपत, पानीपत, झज्जर, रोहतक के ग्रामीण क्षेत्रों, अंबाला और कैथल के शहरी क्षेत्रों में दो फीसद से ज्यादा मीटर खराब हैं। जिसके बाद एचईआरसी ने 30 सिंतबर तक उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम को शहरों और 31 अक्टूबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में मीटरों को ठीक करने को कहा है।एचईआरसी के चेयरमैन आरके पचनंदा व सदस्य नरेश सरदाना ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बिंदुवार सुनवाई की। उन्होंने इस संबंध में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम से पूछताछ की।
अभी तक बिजली बिल की शिकायतों को ठीक करने में 11 दिन का समय लगता था लेकिन अब 7 दिन के अंदर आपकी शिकायत दूर हो जाएगी। अगर बात करें एक जिले की तो पंचकूला में गलत बिजली बिल से 77 लाख रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ा है।पंचकूला में कई जगह ढीले तारों व अव्यवस्थित खंभों पर भी एचईआरसी ने संज्ञान लिया है। पंचकूला के हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रशासक व नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए गए हैं कि वे तारों व खंभों के आसपास उगी जंगली घास की सफाई कराएं।
उन्हें अगले 15 दिनों में इस संबंध में एक्शन टेकन रिपोर्ट देनी होगी। जबकि गुरुग्राम में अधिक बिजली बिल वसूली के आठ हजार मामले सामने हैं। अब बिलिंग मामले में अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी।
