
तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को पूरी तरह से वापस लेने की मांग को लेकर दिल्ली-एनसीआर के चारों बॉर्डर (सिंघु, टीकरी, शाहजहांपर और गाजीपुर बॉर्डर) पर यूपी के साथ पंजाब और हरियाणा के किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है। इसी के साथ ही दिल्ली के जंतर मंतर पर किसान संसद का आयोजन भी किया जा रहा है, यह आयोजन उसी दिन होता है, जिस दिन संसद का मानसून सत्र चलता है।
वहीं, दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में कृषि कानूनों के विरोध में होने वाले आगामी कार्यक्रम की तैयारियों में किसान लगे हुए हैं। अब 15 अगस्त को गाजीपुर बॉर्डर पर किसान झंडा फहराने की रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसको लेकर रविवार को गांव रसूलपुर में किसानों की बैठक आयोजित हुई।
भारतीय किसान यूनियन के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष धनवीर शास्त्री ने कहा कि संगठन हाई कमान के आदेश पर 13 अगस्त को अमरोहा व मुरादाबाद से आने वाले किसानों के रुकने की व्यवस्था हापुड़ में होगी। स्थान निर्धारित करने पर विचार चल रहा है।
