
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गुजरांवाला जिले में एक सिलेंडर विस्फोट हो गया। कैंट थाने के शाह कोट इलाके के पास गुजरांवाला में एक यात्री वैन में रविवार देर रात सिलेंडर विस्फोट में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। भीषण घटना के बाद बचाव दल मौके पर पहुंचे और यात्री वैन में लगी आग पर काबू पाने के लिए बचाव अभियान शुरू किया।
पाकिस्तान के दुनिया न्यूज ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।पाकिस्तान के पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार उस्मान बुजदार ने गुजरांवाला में वैन में आग लगने से लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है और आयुक्त गुजरांवाला डिवीजन और आरपीओ से रिपोर्ट मांगी है। दुनिया न्यूज के अनुसार उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए और अधिकारियों से तुरंत व्यापक जांच करने और रिपोर्ट सौंपने को कहा।
वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान के अशांत दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में रविवार को एक लग्जरी होटल के पास वाहन को निशाना बनाकर शक्तिशाली विस्फोट किया गया। इसमें कम से कम दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।
यह विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं। क्वेटा में हुए विस्फोट की जिम्मेदारी किसी समूह ने नहीं ली, लेकिन यहां बलूच राष्ट्रवादी प्रांत में सक्रिय हैं। वे अक्सर सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हैं। वे संघीय सरकार पर प्रांत के प्राकृतिक संसाधनों के दोहन का आरोप लगाते हैं।
