
कोरोना वायरस महामारी का खतरा दो साल से फिल्म इंडस्ट्री पर छाया हुआ है, जहां बीते साल भी बड़ी फिल्में रिलीज नहीं हो सकी वहीं इस साल भी दर्शकों को काफी इंतजार के बाद गाहे बगाहे ही कोई बड़े बैनर की फिल्म देखने मिल रही है. ऐसे में अब मेकर्स से लेकर दर्शकों तक सभी ने OTT का सहारा लिया है. इसी कतार में अब फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) स्टारर राकेश ओमप्रकाश मेहरा (Rakeysh Omprakash Mehra) द्वारा निर्देशित मोस्ट अवेडेट फिल्म ‘तूफान’ (Toofaan) रिलीज हो गई है. आइए जानते हैं कि कैसी है फरहान की ये तोड़ा-फोड़ी से भरपूर फिल्म ‘तूफान’…
फिल्म: तूफान (Toofaan)
रेटिंग: 3
स्टार कास्ट: फरहान अख्तर, मृणाल ठाकुर, हुसैन दलाल, मोहन अगाशे, विजय राज और परेश रावल
डायरेक्टर: राकेश ओमप्रकाश मेहरा
राइटर: अंजुम रजबअली, विजय मौर्या
240 देशों में हुई रिलीज
यह फिल्म अमेजन प्राइम पर 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में प्रीमियर की गई है. इस फिल्म में फरहान डोंगरी के एक ऐसे गुंडे का रोल निभा रहे हैं जो एक राष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज बनने का सफर तय करता है. यह कहानी काफी प्रेरणा देने वाली और जुनून-जज्बे से भरी है. कोरोना के कारण निराश नौजवानों में यह कहानी नया उत्साह भरने वाली साबित होगी.
ऐसी है फिल्म की कहानी (Toofaan Movie Story)
फिल्म ‘तूफान’ (Toofaan) की कहानी की बात की जाए तो यह छोटे से समय में एक खिलाड़ी के पूरे जीवन का संघर्ष फिर उसकी जीत और फिर खोकर पाने की कहानी है. कहानी की शुरुआत में अज्जू उर्फ अजीज अली (फरहान अख्तर) अनाथालय में पला हुए एक लड़का है जो बड़ा होकर डोंगरी का एक गुंडा बन चुका है. आम फिल्मों की तरह हीरो होने के कारण वह गुंडा होते हुए भी दिल का अच्छा है. इसके बाद अजीज की मुलाकात डॉक्टर अनन्या प्रभु (मृणाल ठाकुर) से होती है. यह मुलाकात अज्जू की जिंदगी को नई राह पर ले जाती है. डॉक्टर अनन्या और अज्जू एक दूसरे को प्यार करने लगते हैं. एक मुस्लिम स्ट्रगलर बॉक्सर और हिंदू डॉक्टर की ये प्रेम कहानी मेकर्स इस तरह सधकर दिखाई है कि देखने वाले भी इस लव स्टोरी में खो से गए हैं. प्यार की खातिर गुंडा अज्जू बॉक्सर अजीज अली बनने का सपना देखता है. जिसके बाद वह कोच नाना प्रभु (परेश रावल) के पास जाता है, जो उसकी इस जिद को मुकाम तक पहुंचाने में उसका साथ देता है. अजीज की सफलता पर यह कहानी पूरी नहीं होती बल्कि एक बार फिर वह सब खो देते है और दोबारा अपनी राह पर चलकर जीत हासिल करता है. यह कहानी देश के कई कोनों से छूती हुई गुजरती है, जो डोंगरी से निकलकर महाराष्ट्र की आलीशान कॉलोनियों के बाद दिल्ली तक जाती है. इसके अलावा फिल्म में खिलाड़ियों के साथ होने वाले भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी बखूबी दिखाया है.
कसा हुआ है डायरेक्शन
राकेश ओमप्रकाश मेहरा (Rakeysh Omprakash Mehra) इसके पहले भी फरहान के साथ ‘भाग मिल्खा भाग’ से एक खिलाड़ी की कहानी दिखाकर लोगों का दिल जीत चुके हैं. उन्होंने कई बार अपने काम में परफेक्शन की मिसाल पेश की है. वहीं एक बार फिर वह एक बॉक्सर की कहानी लेकर आए हैं. उन्होंने एक आम कहानी को अपने दमदार डायरेक्शन के कारण खास बना दिया है. फिल्म अपने हर मोड़ पर रियल लाइफ की झलक पेश करती नजर आती है. फिर झुग्गी का रहन सहन हो या स्टार बॉक्सर की लाइफ सब कुछ काफी सटीक नजर आता है. फिल्म में मसाला, कॉमेडी, एक्शन और रोमांस इतना सधकर साथ-साथ चलता है कि हर एक का स्वाद दर्शक को आता ही है.
सभी एक्टर परफेक्ट
फिल्म में सभी कलाकारों ने दमदार अभिनय किया है. फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) और मृणाल ठाकुर के अलावा बाकी एक्टर भी काफी दमदार हैं. कोच के रोल में परेश रावल काफी जंच रहे हैं. विजय राज भी अपने रोल में परफेक्ट नजर आ रहे हैं. हुसैन दलाल और मोहन अगाशे ने भी काफी अच्छे से अपने किरदार निभाए हैं.
म्यूजिक भी ‘तूफानी’
फिल्म ‘तूफान’ के म्यूजिक की बात करें तो इसे शंकर एहसान लॉय ने तैयार किया है. लेकिन राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने इसके साथ ही फ्लेवर बदलते ही दो गाने रैपर डेविल के लिए हैं. जो इस दौर के हिसाब से फिल्म में जरूरी भी है. फिल्म का म्यूजिक कहानी के हिसाब से काफी सूटेबल है.
