
हरियाणा में स्मार्ट मीटरों को लगाने की परियोजना अब रफ्तार पकड़ने वाली है। प्रदेश के गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला और करनाल में पांच लाख स्मार्ट मीटर अगले महीने तक लगाने का लक्ष्य रखा गया है।प्रदेश के अलग अलग जिलों में अब तक करीब साढ़े तीन लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, वहीं प्रदेश के इन जिलों में एक बार फिर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया जोर पकड़ने वाली है।इनके अलावा प्रदेश में अब बिजली के बिलों में ईमेल और व्हाट्सएप के जरिये भी भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि बिल ना मिलने की शिकायतें भी खत्म होगी। वहीं घरेलू बिलों के 10 हजार से ज्यादा के बिलों की विभागीय स्तर पर जांच भी करवा सकेंगे।
प्रदेश में केंद्र सरकार की एजेंसी एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) को पहले चरण में इस साल के अंत तक दस लाख स्मार्ट मीटर लगाने हैं, परंतु परियोजना का काम सुस्त चल रहा है।हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) के चेयरमैन आरके पचनंदा और सदस्य नरेश सरदाना को सौंपी रिपोर्ट में ईईएसएल के महाप्रबंधक रजनीश राणा ने इसे स्वीकार भी किया है।जून में 45 हजार 500 स्मार्ट मीटर लगाने के लक्ष्य के विपरीत 7137 मीटर ही लगाए जा सके, जबकि जुलाई में 24 हजार मीटर के लक्ष्य के विपरीत 7531 स्मार्ट मीटर लगाए गए। अब इस परियोजना को दिसंबर 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य है।वहीं, बिजली निगमों ने योजना को पंख लगाने के लिए योजना बनाई है कि चार जिलों में जो नए कनेक्शन दिए जाएंगे या फिर जले व खराब मीटर बदले जाएंगे, उनकी जगह स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। स्मार्ट मीटर से ज्यादा रीडिंग की शिकायतें भी खत्म होंगी।
बिजली महकमे के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास ने कहा कि अगले महीने तक पांच लाख स्मार्ट मीटर लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। स्मार्ट मीटर से डिजिटल तरीके से उपभोक्ताओं के पास बिजली का बिल पहुंचेगा, जिसे वह आनलाइन या फिर आफलाइन आसानी से भर सकेंगे। इन मीटरों में प्री-पेड की सुविधा भी मिलेगी।
क्या होगा स्मार्ट / प्रीपेड मीटर से फायदा ?
- बिजली उपभोक्ताओं को टैरिफ रेट में पांच फीसदी कम रेट की सुविधा
- अपनी मर्जी के हिसाब से बिजली का उपयोग कर सकेंगे
- प्रीपेड मीटर में बिजली के खर्च की तुरंत जानकारी मिलती रहेगी
- बिजली उपभोक्ताओं को मोबाइल रिचार्ज की तरह बिजली का रिचार्ज मिल सकेगा
- बिजली के अनावश्यक खर्च पर रोक लगेगी
- अपने मोबाइल फोन से भी मीटर की मॉनिटरिंग कर सकेंगे
- मीटर के खराब होने की शिकायतें भी न के बराबर होगी
स्मार्ट और प्रीपेड मीटर लगाने के बारे में कहा कि इससे बिजली उपभोक्ताओं को तो फायदा होगा ही साथ ही बिजली वितरण निगमों की बिलिंग कलेक्शन में व्यापक सुधार के साथ सटीकता आएगी। इसके साथ ही उपभोक्ता भी अपनी मर्जी और जरुरत के हिसाब से बिजली का इस्तेमाल कर सकेंगे।
