
कोई भी शख्स जब नौकरी कर रहा होता है तो उसकी सबसे बड़ी चिंता उस वक्त को लेकर होती है जब वह रिटायर होता है. इंसान नौकरी करते-करते ही अपने आगे आने वाले भविष्य या फिर अपने परिवार को लेकर चिंतित होता है. कई बार हमारी ये परेशानी इसलिए होती है, क्योंकि हमें कई योजनाओं की जानकारी नहीं होती है. कई ऐसी सरकारी योजनाएं हैं जिनमें निवेश करके आप एक समय के बाद अच्छी खासी पेंशन पा सकते हैं, जिसके बाद आपको कोई चिंता करने की जरूरत नहीं होगी.
इस स्कीम में पैसा लगाकर मिलेगा जबरदस्त फायदा
दरअसल, अगर आप सुरक्षित जगह पर पैसा लगाना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री वय वंदना योजना (Pradhan Mantri Vaya Vandana Yojana) में निवेश की सोच सकते हैं. इस स्कीम में एक तो आपका पैसा सुरक्षित रहेगा और दूसरी बात यहां निवेश कर आपको हर महीने एक तय पेंशन मिलेगी.
LIC करता है देखभाल
इस स्कीम की देखरेख भारतीय जीवन बीमा (LIC) करता है. इस स्कीम का उद्देश्य देश के वरिष्ठ नागरिकों को उनकी सब्सक्रिप्शन राशि या निवेश की गई राशि के मुताबिक हर महीने निश्चित पेंशन मिलती रहे. जैसे ही निवेशक की उम्र 60 साल हो जाएगी, इस योजना के तहत उसे मंथली पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी. मौजूदा वित्त वर्ष में मिलने वाली ब्याज दर की बात करें तो वरिष्ठ नागरिकों को 7.40 फीसदी सालाना ब्याज मिलता है.
ये है निवेश करने का तरीका
आसानी से इस स्कीम के बारे में समझें तो इसके लिए आपको 15 लाख रुपए निवेश करने होंगे. ये अधिकतम राशि है, आप इससे भी कम निवेश कर सकते हैं. इसके बाद आपको 10 साल के लिए हर महीने 9,250 रुपए की मासिक पेंशन मिलती रहेगी. इसमें खास बात यह है कि 10 साल पूरे होने के बाद निवेशक को पूरी रकम वापस कर दी जाएगी. आप मासिक, तिमाही, छमाही और सालाना किसी भी ऑप्शन के साथ पेंशन ले सकते हैं.
इस स्कीम में 1,000 से लेकर 10,000 रुपए तक की पेंशन मिलती है. बता दें कि इस स्कीम में पेंशन के तौर पर ब्याज की ही राशि मिलती है. मतलब अगर आपने 15 लाख रुपए जमा किए हैं तो 8 फीसदी की दर से ब्याज के साल में 1.20 लाख रुपए हो जाएंगे.अब ये रकम आपको मासिक, तिमाही, छमाही या सालाना तौर पर मिलेगी.
वेबसाइट पर मिलेगी अधिक जानकारी
आप LIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस स्कीम के बारे में और जान सकते हैं और निवेश कर सकते हैं. इसके अलावा LIC एजेंट और LIC ऑफिस जाकर भी इस स्कीम में निवेश कर सकते हैं. इसके अलावा एलआईसी की ओर से जारी टोल फ्री नंबर 1800-227-717 पर भी कॉल कर सकते हैं.
