
प्राइमरी स्कूलों को खोलने की तैयारियां शुरु हो गई है। प्रदेश में 15 अगस्त के बाद प्राइमरी स्कूलों को खोला जा सकता है। अभी तक छठी से लेकर बारहवीं कक्षा तक के स्कूल खुले हुए हैं।पहली से पांचवीं तक के स्कूलों को लेकर शिक्षा विभाग की उच्च स्तरीय बैठक हुई। शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, निदेशक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि पंद्रह अगस्त तक प्राइमरी स्कूलों को न खोला जाए। पहले चरण में 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को स्कूलों में बुलाया गया था। इसके बाद छठी से आठवीं तक के लिए स्कूल खोले गए थे।
इधर ऑनलाइन पढ़ाई के लिए टेबलेट देने का रास्ता साफ हो गया है। 8वीं से 12वीं तक के लगभग 8 लाख विद्यार्थियों को फ्री टेबलेट देने की योजना है। हालांकि कोरोना काल में यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई थी, लेकिन अब इस पर पूरा जोर है।मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की मंजूरी के बाद अब शिक्षा विभाग ने टेबलेट खरीदने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया में तमाम कंपनियां भाग ले सकेंगे। टेबलेट की क्वालिटी, साइज, स्क्रीन सहित कई शर्तें टेंडर में लगाई हैं।सबसे बड़ी और अहम शर्त यह है कि जिस भी कंपनी के टेबलेट खरीदने का निर्णय सरकार करेगी, उसके सर्विस सेंटर नजदीक होने अनिवार्य हैं, जिससे खराबी आने पर टेबलेट ठीक हो सकें। राज्य के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि टेबलेट के लिए टेंडर फ्लॉट कर दिए हैं।शिक्षा विभाग की ओर से भेजे गए इस प्रपोजल पर सरकार ने मुहर लगाई है, उसके तहत दो तरह के टेबलेट खरीदे जाएंगे। इनमें 8 इंच स्क्रीन के 5 लाख 61 हजार, 669 तथा 10 इंच के 2 लाख 44 हजार 811 टेबलेट खरीदे जाएंगे।
