
आखिरकार भगोड़े कारोबारी विजय माल्या का किंगफिशर हाउस बिक गया। इसे हैदराबाद के प्राइवेट डेवलपर्स सैटर्न रियल्टर्स (Saturn Realtors) ने 52 करोड़ रुपए में खरीदा। किंगफिशर हाउस को डेट रिकवरी ट्रिब्युनल (DRT) ने बेचा। बिक्री भाव अपने रिजर्व प्राइस 135 करोड़ रुपए का लगभग एक तिहाई है। इससे पहले भी विजय माल्या के कर्जदारों ने किंगफिशर हाउस को बेचने की कोशिश की थी लेकिन रिजर्व प्राइस अधिक रखे जाने की वजह से डील नहीं हो पा रही थी।
8 बार फेल हुई थी नीलामी
विजय माल्या की प्रॉपर्टीज को नीलाम करने में कारोबारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। बैंकों की तरफ से माल्या की प्रॉपर्टीज का वैल्युएशन किया जा रहा है, उस दाम पर कोई प्रॉपर्टी खरीद ही नहीं रहा। किंगफिशर हाउस की प्रॉपर्टी की नीलामी भी 8 बार फेल हुई थी। मार्च 2016 में बैंकों ने इस बिल्डिंग का रिजर्व प्राइस 150 करोड़ रुपए रखा था। यही वजह है कि ये बिल्डिंग अब तक बिक नहीं पाई थी।
यह प्रॉपर्टी किंगफिशर एयरलाइंस का हेड ऑफिस रहा है। माल्या की एयरलाइन कंपनी अब बंद हो चुकी है। कंपनी पर SBI के नेतृत्व वाले बैंकों का करीब 10 हजार करोड़ रुपए बकाया है। प्रॉपर्टी का एरिया 1,586 वर्ग मीटर है, जबकि प्लॉट 2,402 वर्ग मीटर का है। ऑफिस की बिल्डिंग में बेसमेंट, एक ग्राउंड फ्लोर, एक अपर ग्राउंड फ्लोर और एक अपर फ्लोर है।
गौरतलब है कि विजय माल्या के लेंडरों ने इसके पहले भी कई बार इस प्रॉपर्टी को बेचने की कोशिश की थी लेकिन उनको इसमें सफलता नहीं मिली थी। शुरुआत में इस प्रॉपर्टी के लिए बैंकों ने तमाम शर्तों के साथ काफी भारी रिजर्व प्राइस तय कर रखी थी। जिसकी वजह से यह प्रॉपर्टी नहीं बिक रही थी। रियल एस्टेट इंडस्ट्रीज के एक्सपर्ट्स के मुताबिक चूंकि किंगफिशर हाउस मुंबई एयरपोर्ट से काफी दूर स्थित है इस वजह से इस प्रॉपर्टी के डेलवपमेंट का बहुत ज्यादा स्कोप नजर नहीं आ रहा था। इसके चलते ही इतनी बड़ी कीमत पर इसको कोई खरीदने के लिए तैयार नहीं था। इसलिए अब से पहले इस प्रॉपर्टी को बेचने के लिए किए गए प्रयास असफल रहे थे।
किंगफिशर एयरलाइंस 2012 से बंद
बतां दें कि विजय माल्या विलफुल डिफॉल्टर घोषित किए गए हैं और 2012 में बंद हुई किंगफिशर एयरलाइंस से जुड़े लोन डिफॉल्ट में भारत सरकार इंग्लैड से उनके प्रत्यपर्ण की कोशिश में लगी हुई है। विजय माल्या को लंदन हाईकोर्ट ने इस साल जुलाई में दिवालिया घोषित कर दिया था। इस फैसले के बाद भारतीय बैंक विजय माल्या के संपत्ति पर आसानी से कब्जा कर सकेंगे और उसको बेच भी सकेंगे।
गौरतलब है कि माल्या ने किंगफिशर एयरलाइंस की सेवाएं जारी रखने के लिए एसबीआई और दूसरे बैंकों से 9,990 रुपए का कर्ज लिया था। फिर किंगफिशर की हालत बिगड़ने के बाद कंपनी डूब गई थी और माल्या यह पैसा बैंकों को नहीं लौटा सका।
