
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और लोकसभा की पूर्व सदस्य सुष्मिता देव ने पार्टी छोड़ने की लंबे समय से लग रही अटकलों को विराम देते हुए सोमवार को कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसी बीच खबरें हैं कि सुष्मिता टीएमसी नेतृत्व के संपर्क में हैं और जल्द ही कोलकाता पहुंचकर ममता बनर्जी या अभिषेक बनर्जी से मुलाकात कर सकती हैं। 16 अगस्त को उन्होंने ट्विटर पर अपने इस पद के आगे भी ‘पूर्व’ जोड़ दिया था। सुष्मिता देव ने अब बायो में खुद को कांग्रेस का भी ‘पूर्व’ सदस्य लिखा हुआ है, उन्होंने 15 अगस्त को इस्तीफा दे दिया था। सूत्रों के अनुसार उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा दिया है लेकिन त्यागपत्र देने का कोई कारण पत्र में नहीं बताया है।

सोनिया गांधी को भेजें अपने त्याग पत्र में सुष्मिता ने कहा कि उन्होंने कई दशकों तक कांग्रेस की सेवा की है और इस दौरान उन्हें सोनिया का जो मार्गदर्शन मिला उसके लिए वह उनका आभार व्यक्त करती हैं। कांग्रेस के अन्य जिन नेताओं ने इस दौरान उनका सहयोग किया है वह उनके प्रति भी अपना आभार व्यक्त करती हैं।

कुछ समय से सुष्मिता देव के इस्तीफा देने की खबरें कांग्रेस से बार-बार आ रही थीं लेकिन हर बार वह इन खबरों को गलत बताती और कई बार पार्टी भी उनके इस्तीफे की खबरों का खंडन करती रही है। इस बार उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर खुद के नाम के साथ ‘कांग्रेस की पूर्व सदस्य’ लिखकर सुबह ही स्पष्ट संकेत दे दिया था कि उन्होंने पार्टी छोड़ दी है। दिग्गज नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष मोहन देव की पुत्री सुष्मिता देव सिलचर संसदीय सीट से 16वीं लोकसभा की सदस्य रही।

संसद में एक तेजतररर कांग्रेसी युवा नेता के रूप में उन्होंने अपनी अहम भूमिका निभाई थी और कांग्रेस के हर एजेंडे पर वह मुखर हो कर सदन में पार्टी के लिए अपनी बात रखती। महिला कांग्रेस की कमान संभालते ही उन्होंने भाजपा पर हमला जारी रखा और खासकर महंगाई और महिलाओं के मुद्दों पर महिला कांग्रेस को जबरदस्त स्वर दिया लेकिन काफी समय से उनके कांग्रेस छोड़ने की चर्चा होती रही है।

