
कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर की चर्चाओं के बीज देश की राजधानी दिल्ली में सभी बाजारों को पहले की तरह सामान्य रूप से खोलने की इजाजत मिल गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ने खुद ट्वीट करते हुए ये जानकारी साझा की है। केजरीवाल ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘अभी तक कोरोना के चलते दिल्ली के बाजारों को शाम 8 बजे तक खुलने की इजाजत थी। लेकिन कम होते मामलों की वजह से हमने ये समयसीमा हटाने का फैसला किया है। अब सोमवार से बाजार पहले की तरह सामान्य समयानुसार खुल सकेंगे।’ यह फैसला यकीनन व्यापारियों को खुशी देने वाला साबित है।
24 घंटे में मिले 19 नए कोरोना मरीज
पिछले 24 घंटे के कोरोना ग्राफ पर नजर डालें तो दिल्ली में 19 नए कोरोना मरीज मिले हैं, जो इस साल का सबसे कम आंकड़ा है। इसके साथ ही कोरोना पॉजिटिविटी रेट भी अब तक के सबसे कम स्तर पर आ गया है। पहली बार 0.03 फीसदी दिल्ली में कोरोना संक्रमण दर हुई है उसके साथ ही ढाई करोड़ के पार दिल्ली में कोरोना टेस्ट का आंकड़ा पहुंच गया है।
वहीं लगातार दूसरे दिन कोरोना से एक भी मौत का मामला सामने नहीं आया, अब तक दिल्ली में 25,079 कोरोना से मौत का कुल आंकड़ा पहुंच गया है। दिल्ली में सक्रिय मरीजों की संख्या 430 है, वहीं होम आइसोलेशन में 132 मरीज है। सक्रिय कोरोना मरीजों की दर 0.03 फीसदी है और रिकवरी दर 98.22 फीसदी पहुंच गई है। इसके अलावा बीते 24 घंटे में 48 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं।
