
फरीदाबाद : सरकार ने बड़खल की विधायक सीमा त्रिखा की सुरक्षा को अचानक बढ़ा दिया है। अब उनकी सुरक्षा में एक जिप्सी और 5 कमांडो की तैनाती की गई है। पहले उनकी सुरक्षा में 2 गनमैन तैनात थे। बृहस्पतिवार को जब सिक्योरिटी उनकी कोठी पर पहुंची तो विधायक राजस्थान में मेंहदीपुर बालाजी के दर्शन को गई हुई थीं। उन्हें फोन पर सूचना दी गई। उनकी सुरक्षा बढ़ाने को कैबिनेट विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। सीआईडी चीफ आलोक मित्तल ने कहा कि इंटेलिजेंस की इनपुट के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई है। विधायक की सुरक्षा में दो गनमैन रहते थे, अब इनकी संख्या बढ़कर पांच हो गई है। सुरक्षा बढ़ाए जाने का कारण जिले में ऊपर से लेकर नीचे तक किसी अधिकारी को नहीं मालूम। इतना ही नहीं सुरक्षा बढ़ाए जाने की बात पुलिस अधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं कर रही है। विधायक सीमा त्रिखा मनोहर सरकार-1 में मुख्य संसदीय सचिव भी रहीं थीं। खुद विधायक सीमा त्रिखा ने भी सुरक्षा बढ़ाए जाने से इन्कार कर रही हैं, पर सूत्रों से पता चला है कि पंचकूला से पुलिस मुख्यालय को फोन प्राप्त हुआ था। जिसमें खुफिया विभाग की एक रिपोर्ट के आधार पर विधायक की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा बढ़ाए जाने की वजह पुलिस मुख्यालय को भी नहीं बताई गई। पंचकूला से निर्देश प्राप्त होने के बाद रातों रात उनके सुरक्षाकर्मियों में इजाफा कर दिया गया।
