
सोशल मीडिया (Social Media) पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए लोग अक्सर ऊल-जुलूल हरकत कर बैठते हैं, जिसके बाद उन्हें पछताना पड़ता है. ऐसा ही एक मामला आजकल चर्चा में बना हुआ है. सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल होने के बाद एक महिला दिल्ली महिला आयोग की नजर में खटक गई. आयोग (DCW) ने पुलिस को नोटिस भेजकर इस महिला के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए कहा है.
आइए अब आपको बताते हैं कि इस महिला ने आखिर ऐसा क्या कर दिया, जिससे इसकी मुश्किलें बढ़ गईं. दरअसल वायरल हुईं कुछ वीडियो में महिला अपने 10-12 वर्षीय नाबालिग बेटे के साथ अश्लील डांस करती देखी गई. जब ये वीडियो दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने देखे तो उन्होंने इस पर कड़ी आपत्ति जताई.
मां-बेटे के रिश्ते हुआ कलंकित
दिल्ली महिला आयोग का कहना है कि महिला अपने बच्चे को किस तरह का माहौल दे रही है. महिला इस छोटी उम्र में बच्चे को महिलाओं के साथ अश्लीलता करने और उसे प्रमोट करने की सीख दी जा रही है. महिला ने अपने कृत्य से मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को कलंकित किया है.
बच्चे के भविष्य की चिंता
स्वाति मालीवाल ने कहा कि ऐसा बच्चा आगे चलकर लड़कियों के प्रति कैसी सोच रखेगा? अगर ऐसा ही चलता रहा तो कहीं आगे जाकर उसमें आपराधिक मानसिकता न उत्पन्न हो जाए, इसलिए हमने दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजकर महिला के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है.
विवाद बढ़ा तो महिला ने डिलीट किए वीडियो
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किस प्रकार छोटे बच्चे से अश्लील एक्टिंग और गानों पर डांस करवाया जा रहा है. वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया था, जिसे सोशल मीडिया पर उठे बवाल के बाद डिलीट कर दिया गया है.
डेढ़ लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
वीडियो बनाने वाली महिला के इंस्टाग्राम पर 1 लाख 60 हजार से भी अधिक फॉलोअर्स हैं. DCW ने महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और बच्चे को सही-गलत का अंतर समझाने के लिए काउंसलिंग कराने की बात भी कही है.
गलत को नहीं करेंगे सपोर्ट
स्वाति मालीवाल ने कहा, सोशल मीडिया अपनी कला दिखाने के लिए एक अच्छा प्लेटफॉर्म देता है, लेकिन कुछ लोग लोकप्रियता पाने के लिए शर्मनाक हरकत करने लगते हैं. एक छोटे से 10-12 साल के बच्चों को जहां अच्छी सीख देने की जरूरत होती है, वहां उसकी खुद की मां उसके साथ ऐसी अश्लील वीडियो बना रही है. हम महिला आयोग जरूर हैं, पर इसका मतलब ये नहीं कि गलत महिला को भी सपोर्ट करेंगे.
