
कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का आंदोलन अब भी जारी है। किसान अब यूपी में आंदोलन को तेज करने की दिशा में काम कर रहे हैं। ऐसे में पांच सितंबर को किसान आरपार के मूड में है। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन को हरियाणा व पंजाब में काफी सफलता के बाद किसानों का अगला पड़ाव यूपी है। यूपी में आंदोलन को सफल बनाने और यहां के किसानों की ओर से आंदोलन को मजबूती देने की दिशा में पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस महापंचायत के माध्यम से किसान सरकार के साथ आरपार की लड़ाई का बिगुल फूंकने जा रहे हैं। भाकियू हरियाणा टिकैत ग्रुप से बारूराम ने आंदोलनकारियों से आह्वान किया है वे अपने संपर्क में आने वाले लोगों के मोबाइलों पर संदेश डाल दें कि पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर में ज्यादा से ज्यादा संख्या में किसान पहुंचें।
पांच को होगी आरपार की लड़ाई
पांच सितंबर को आरपार की लड़ाई होगी। या तो किसानों का नुकसान होगा या सरकार का भारी से भारी नुकसान होगा। बारूराम ने कहा कि यह सरकार किसानों का खून मांगती है। हम अपना खून देने के लिए तैयार हैं। किसान नेता मास्टर बूटा सिंह पंजाब ने किसानों से अपील की है कि जब भी तीन कृषि कानूनों को रद कराने की मांग को लेकर कहीं पर रोड जाम होता है तो किसानों की ओर से इमरजेंसी गाड़ियों को नहीं रोका जाए। उनको निकलने दिया जाए।
अब यह हरियाणा पंजाब का नहीं बल्कि जनआंदोलन बन चुका
टीकरी बार्डर पर काबा सिंह बराड़ पंजाब कहते हैं कि भाजपा नेता कह रहे हैं कि किसान आंदोलन अकेला पंजाब के किसानों का है और हरियाणा के किसानों का नहीं है। मैं उन भाजपा नेताओं को बता देना चाहता हूं कि वे इस आंदोलन में आकर देख लें कि यह अकेले पंजाब और अकेले हरियाणा और अकेले यूपी और अकेले राजस्थान का नहीं है बल्कि पूरे देश का जन आंदोलन बन चुका है।
