
पंजाब में अचानक मुख्यमंत्री बदले जाने और सियासी घटनाक्रम के बाद हरियाणा में भी माहौल गर्म हो गया है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 22 सितंबर को चंडीगढ स्थित आवास पर विधायकों की बैठक बुलाई है।माना जा रहा है कि पंजाब में हुए राजनीतिक उलटफेर के बाद हरियाणा कांग्रेस भी अब विचार मंथन में जुट गई है। इसके चलते कांग्रेस की तरफ से यह बैठक आनन फानन में बुलाई गई है। हरियाणा में बीते माह पहले ही प्रदेश अध्यक्ष बदलने की मांग उठी थी जिसमें हुड्डा गुट के विधायकों ने हाईकमान से यह मांग की थी कि कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष बदला जाए। अब हरियाणा में पंजाब के सियासी घटनाक्रम का असर दिख रहा है।
पंजाब में एक दिन पहले हुए राजनीतिक घटनाक्रम के बाद हुड्डा के सामने भी नई चुनौती खड़ी हो गई हैं। हुड्डा की तरह पंजाब में पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह राजनीति करते आए हैं। कैप्टन के खिलाफ हाईकमान के कड़े फैसले के बाद हरियाणा में इसका सीधा असर पड़ा हैं।22 सितंबर को भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित सरकारी कोठी पर बुलाई गई विधायक दल की बैठक काफी अहम रहने वाली हैं। हालांकि बैठक को लेकर विधायकों को कोई एजेंडा नहीं भेजा गया हैं।कहा जा रहा है कि इस बैठक में तीन खेती कानूनों के विरोध में चल रहे किसानों के आंदोलन से लेकर प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी, लेकिन हकीकत यह है कि हाईकमान के फैसले के बाद बदले हालात के बीच इस पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।
