
हरियाणा पुलिस के सब इंस्पेक्टर की उसी के साले ने गोली मारकर हत्या कर दी है। इसमें वजह चौंकाने वाली सामने आ रही है। मृतक सब इंस्पेक्टर विरेंद्र नांदल हरियाणा पुलिस में थे और रोहतक के बोहर गांव के रहने वाले थे। जानकारी में बताया गया है कि इन दिनों उनकी पोस्टिंग करनाल की मधुबन अकादमी में थी। परिवार भी वहीं पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले ही वीरेंद्र को डेपुटेशन पर एनआईएस पटियाला जूडो ट्रेनिंग के लिए भेजा था। वहां से स्पेशल परमिशन पर वीरेंद्र रोहतक के साई सेंटर प्रैक्टिस कर रहे थे।करीब 1 हफ्ते पहले वो सेंटर से अपने घर जाने की बात कहकर गए थे। रविवार को दिल्ली में उनके साले दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल विक्रम ने अपने ही फ्लैट में गोली मारकर वीरेंद्र की हत्या कर दी। दोनों बीच 3 करोड़ के लेनदेन का विवाद था। वीरेंद्र के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और बेटी है।
भीम अवॉर्डी वीरेंद्र नांदल जूडो के इंटरनेशनल प्लेयर रहे हैं। कॉम्न्वेल्थ गेम्स में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। एशियाड भी खेले थे। 2011 में स्पोर्ट्स कोटे से हरियाणा पुलिस में एसआई लगे थे। अधिकतर पोस्टिंग करनाल में ही रही है। बोहर गांव के वीरेंद्र उर्फ भौलर बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं। कई स्टेट चैंपियनशिप में वो कुश्ती में मेडल जीते। बाद में जूडो में अपना कॅरियर आगे बढ़ाया। परिवार का गांव में अच्छा राजनैतिक रसूख भी है।
वीरेंद्र नांदल की हत्या के आरोपी उनके साले विक्रम की पोस्टिंग दिल्ली के ग्रेटर कैलाश थाने में है। वीरेंद्र के घर पर ही डटने के बाद विक्रम ने शनिवार शाम को ही थाने से पिस्टल इश्यू कराई थी। इसके लिए उसने एक लूट केस में बदमाश को ट्रेस करने जाने का कारण बताया था। एसआई वीरेंद्र की हत्यारोपी उनका साला कांस्टेबल विक्रम की गिनती दिल्ली पुलिस के बेहतरीन जवानों में होती है। कुछ माह पहले ग्रेटर कैलाश के एक अपार्टमेंट में लगी आग में बुजुर्गों और कई लोगों को बचा वो नेशनल लेवल पर सुर्खियों में रहा था। लेकिन अब अपने ही जीजा की हत्या का आरोप उसके ऊपर लगा है।
Source News: chopaltv
