
47 लाख रुपये और जेवर लेकर रिक्शावाले संग भागने वाली महिला का अभी तक सुराग नहीं लगा है, लेकिन पुलिस की टीम ने 30 लाख रुपये बरामद कर लिये हैं। पुलिस की टीम ने आरोपी रिक्शा चालक के दोस्त से ये पैसे बरामद किये हैं। दरअसल मध्य प्रदेश के इंदौर की करोड़पति घर की महिला 21 अक्टूबर को अपने से 13 साल छोटे रिक्शावाले के साथ फरार हो गई थी। घर पर जमीन बेचकर रखे 47 लाख रुपये और जेवर भी वह साथ लेकर भागी थी। अभी तक की मिली जानकारी के मुताबिक, प्रॉपर्टी कारोबारी की 45 वर्षीय पत्नी का अपने से 13 साल छोटे ऑटो रिक्शा चालक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उसके साथ घर से भाग गई है. साथ ही भागते समय दोनों ने करीब 30 लाख रुपये रितेश ठाकुर नामक युवक को दिए थे और बाकि 17 लाख रुपये लेकर दोनों साथ लेकर गए थे।
जानकारी ये भी सामने आई है कि पत्नी के पास ही घर के मुख्य लॉकर की चाबी रहती है और उसने ही रुपये निकाले होंगे। हालांकि पुलिस ने रितेश नामक युवक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। खजराना थाना प्रभारी दिनेश वर्मा ने बताया कि खजराना थाना पर गुमशुदा महिला का प्रकरण दर्ज हुआ था, जिसमे महिला की तलाश की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रिक्शा चालक के एक साथी रितेश को पुलिस ने पकड़ा है और उसके पास से 30 लाख रुपये बरामद हुए हैं। खजराना थाना प्रभारी ने बताया कि महिला और आरोपी रिक्शावाले की तलाश जारी है और पुलिस की टीम गुजरात के दाहोद और वडोदरा में भी तलाश के लिए गई थी। पुलिस के अनुसार, अभी ये बात सामने आई है कि रिक्शावाले ने रुपये चुराकर अपने साथी को दे दिए थे और बाकी की रकम वो साथ ले गया है। वहीं पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर ये भी बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते ही महिला घर से गई है।
Source News: chopaltv
