
नई दिल्ली : देश में बड़े नोटों को चलन से बाहर करने के मोदी सरकार के फैसले के अवसर पर सोमवार को ट्विटर और फेसबुक के संसार में इस फैसले को लेकर हास-परिहास, नोट में खुफिया कम्प्यूटर चिप जैसी पुरानी खबरों की वीडियो क्लिपों को लेकर मीडिया पर व्यंग और कार्टून तथा इस फैसले से जनता की फटेहाली दर्शाने वाले कार्टून और गढ़ें गये चित्रों की भरमार रही। इन मंचो पर 2000 के नोट पर पोटैटो चिप्स का एक टुकड़ा रखकर खींचा गया फोटो खूब वायरल हुआ।
यह मीडिया कि उन रिपोर्ट पर व्यंग कर रहा था जिनमें 2016 की नोटबंदी के समय रिजर्व बैंक द्वारा पहली बार प्रचलन में लाये गए 2000 के नोटों में खुफिया कम्प्यूटर चिप लगे होने की बात कही गई थी। कई टीवी एंकरों ने अपनी लंबी रिपोर्ट में यह समझाने की कोशिश की थी कि 2000 के नोटों में चिप लगाये गये हैं जो कालेधन का पता लगाने में सरकारी एजेंसियों की मदद करेगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 08 नवंबर 2016 को रात आठ बजे टेलिविजन पर राष्ट्र के नाम संबोधन में 1000 और 500 के पुराने नोटों का प्रचलन बंद करने का सनसनी खेज फैसला किया था। इस निर्णय के बाद रिजर्व बैंक ने पांच सौ रुपये का नया नोट जारी किया था और 2000 रुपये का नोट पहली बार प्रचलन में लाया गया। नोट बंदी के बाद पुराने नोट बदलवाने के लिए बैंकों और डाक घरों के सामने लोगों की महीनों तक लंबी कतार देखी गयी थीं।
सोशल मीडिया पर वायरल इन पोस्टों में किसी ने पुराने नोटों पर फूल की माला चढ़ाये हुये तस्वीर पोस्ट की थी, तो किसी ने नोटों को अर्थीनुमा बनाकर पोस्ट किया। ऐसी पोस्टों के बीच कई लोग सरकार पर तंज कसते भी नजर आये। वहीं कई लोग नोटबंदी के फायदे गिना रहे थे। ट्विटर पर परिमल श्रीवास्तव नाम के एक व्यक्ति ने पुराने ‘मूंगफली से भरे 1000 और 500 रुपये के नोटों के ठोंगे का चित्र साझ किया।’ ट्विटर पर एक अन्य व्यक्ति ने लिखा लीजेंड वाज बॉर्न ऑन नवंबर 08, 2016 (यानी उस दिन एक नयी लोक गाथा शुरू हुई)।
Source News: punjabkesari
