
डिजिटल भुगतान मंच पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड की शेयर बाजार में सूचीबद्धता के पहले दिन गुरुवार को फीकी शुरुआत हुई। पेटीएम के शेयर निर्गम मूल्य से नौ फीसदी नीचे के स्तर पर सूचीबद्ध हुए। प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) में इसका निर्गम मूल्य 2,150 रुपए तय किया गया था लेकिन बीएसई में इसके शेयर 1,955 रुपए के भाव पर सूचीबद्ध हुए। एनएसई में पेटीएम का सूचीबद्ध भाव 1,950 रुपए रहा जो निर्गम मूल्य से 9.30 फीसदी कम है। भले ही Paytm के आईपीओ के तहत शेयर की लिस्टिंग निराशाजनक रही है लेकिन इसके बावजूद यह भारत का सबसे बड़ा आईपीओ साबित हुआ है। कंपनी के इस ऐतिहासिक मौके पर लिस्टिंग सेरेमनी में इसके फाउंडर और सीईओ विजय शेखर शर्मा भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए।
लिस्टिंग सेरेमनी पर स्पीच की शुरुआत में विजय शेखर शर्मा भावुक दिखे। अपनी आंखों से आंसू पोछते हुए शेखर ने कहा कि जब भी राष्ट्रगान बजता है तो उसकी एक लाइन भारत भाग्य विधाता को सुनकर मेरी आंखों में से आंसू आ जाते हैं। आज भी मेरे साथ वही हुआ। उन्होंने कहा कि ये भारत भाग्य विधाता शब्द पता नहीं क्यों मेरे जीवन से इस तरह से जुड़ा है कि मेरी आंखों में आंसू आ जाते हैं।
शेखर ने कहा कि आज ऐसा दिन है जिस दिन युवा भारत के सपने मेरे साथ ही पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह ऐसा दिन है जिस पर लोग भरोसा नहीं कर रहे थे, कोई सोच नहीं सकता था कि हम देश का सबसे बड़ा IPO होंगे, लेकिन आज यह हो गया। शेखर ने कहा कि मैं लाखों निवेशकों को पेटीएम की यात्रा से जुड़ने के लिए आमंत्रित करता हूं। बता दें कि विजय शेखर शर्मा यूपी के अलीगढ़ जिले के एक छोटे से गांव के मूल निवासी और एक स्कूल टीचर के बेटे। छोटे से गांव से उठे शेखर आज फोर्ब्स की अरबपतियों की लिस्ट में शामिल हैं। उनकी कहानी हर उस युवा को प्रेरित करने वाली है जो जल्द ही छोटी-सी नाकामयाबी पर निराश हो जाते हैं।
Source News: punjabkesari
