
फरीदाबाद : विदेश लौटने वालों को सिलसिला जारी है। जिले में सोमवार को 182 लोग विदेश से लौटे हैं। अब तक 3567 लोग विभिन्न देशों से लौटकर आए हैं। इनमें से सात कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। फिलहाल तीन लोगों का दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इन सभी के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। यह रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि इनमें कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के लक्षण हैं या नहीं। एयरपोर्ट पर की जा रही है जांच
विदेश से लौटने वाले लोगों की कोरोना जांच दिल्ली एयरपोर्ट पर की जा रही है। यदि कोई संक्रमित पाया जाता है, तो उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती किया जाता है और संक्रमित को सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिग के लिए भेजा जाता है। सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट में तीन संक्रमित पाए गए हैं, इन्हें वहीं भर्ती कर लिया गया है। रिपोर्ट नेगेटिव होने पर घर पर एक सप्ताह क्वारंटाइन रहने के निर्देश दिए जाते हैं और एक सप्ताह बाद कोरोना की आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल देने के निर्देश दिए जाते हैं। जिले में ऐसे पांच लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया है, जिनकी रिपोर्ट एक सप्ताह पहले नेगेटिव आई थी और दोबारा जांच कराने पर संक्रमण की पुष्टि हुई है। इन सभी के सैंपल को भी जीनोम सिक्वेंसिग के लिए भेजा गया है। 2662 के लिए जा चुके हैं सैंपल
जिले में अबतक 3567 लोग लौटकर आ चुके हैं। इनमें से 2662 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं और बाकी के सैंपल जल्द ही लिए जाएंगे। सोमवार को 182 लोग लौटकर आए हैं। जिला फिलहाल ओमिक्रोन के संक्रमण से सुरक्षित है। पांचों संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। विदेश से लौटने वालों को नागरिक अस्पताल बुलाने की बजाय टीम घर पर जाकर सैंपल ले रही है।
-डा. विनय गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
Source News: jagran
