
पृथला /फरीदाबाद : “प्रशिक्षण प्रत्येक संगठन की प्राथमिक आवश्यकता है, जो संगठन की विचारधारा से हमें अवगत कराने और विचारधारा के प्रसार को नवीन उर्जा प्रदान करने में मुख्य भूमिका निभाता है”, उक्त शब्द थे हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा कुमारी शैलजा के। कुमारी शैलजा आज पृथला,पलवल में आयोजित कांग्रेस संगठन के प्रशिक्षण शिविर में शिविरार्थियों को संबोधित कर रहीं थी।
अपने संबोधन में कुमारी शैलजा ने कहा कि संगठन की शक्ति का ताजा उदाहरण किसान आन्दोलन है, जहाँ किसानों ने पूर्ण अहिंसक आन्दोलन को सत्याग्रह के माध्यम से सत्ताग्रहियों के अहंकार को तोड़कर विजय प्राप्त की, इसलिए एकता ही शक्ति है, जो हमें प्रशिक्षण शिविरों में सीखने मिलती है. इस प्रशिक्षण शिविर में फरीदाबाद लोकसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की विचारधारा एवं संगठन संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
पृथला कांग्रेस कार्यालय पर शिविर स्थल पर फरीदाबाद और पलवल क्षेत्र के कई नेतागण उपस्थित थे, कांग्रेस नेता राकेश तंवर ने जानकारी देते हुआ बताया कि कांग्रेस संगठन के प्रशिक्षण के एक दिवसीय, दो दिवसीय और 3 दिवसीय कार्यक्रम एआईसीसी (इंडियन नेशनल कांग्रेस कमिटी) द्वारा समस्त भारत में निर्धारित किये गए हैं, जिसके लिए सभी पीसीसी प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन कर रही हैं, इन्ही निर्देशानुसार हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया है. हरियाणा पीसीसी अध्यक्षा बहन कुमारी शैलजा जी के नेतृत्व में पूरे हरियाणा प्रदेश में लगातार प्रशिक्षण शिविर लगाने की योजना तैयार की जा रही है और जल्दी ही निकट भविष्य में ऐसे शिविर लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
सभी पीसीसी के नेतृत्व में एआईसीसी का प्रशिक्षण विभाग इन शिविरों का सञ्चालन एवं निर्देशन करेगा, जिसमे प्रदेश एवं देश के अनुभवी नेतागण अपने अनुभव एवं राजनैतिक विषय वस्तु पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे। इन शिविरों में कांग्रेस की मूल विचारधारा से परिचय करवाना प्राथमिकता है, ताकि समय के बदलते स्वरुप में भी विचारधारा के प्रति एकरूपता बनाई रखी जा सके।
जैसा कि विदित है कांग्रेस पार्टी लगातार अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के लिए इस तरह के शिविर आयोजित करती रहती है, जिस कड़ी में हरियाणा कांग्रेस ने भी प्रदेश के समस्त कार्यकर्ताओं को नियमित प्रशिक्षण देने की योजना एआईसीसी के दिए गए प्रारूप अनुसार बनाई है । चूँकि यह शिविर आयोजन हरियाणा कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में, कांग्रेस संगठन की ओर से आयोजित किये जाएगे, इसलिए समस्त कार्यकर्ताओं ने इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों के प्रति उत्साह दिखाया है।
