
फरीदाबाद : शहर में सीएम घोषणा के तहत होने वाले कार्यो को अब जल्द ही गति मिलने वाली है। नगर निगम ने करीब 50 ठेकेदारों का लगभग 31 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। इससे सीएम घोषणा के रुके हुए काम अब शुरू हो जाएंगे। सीएम घोषणा के तहत ठेकेदारों का 80 कामों का लगभग 42 करोड़ हुए भुगतान किया जाना था। दो वर्षों से भुगतान रुका हुआ था। भुगतान में देरी के चलते कई ठेकेदारों ने काम बंद कर दिए थे। शहर में सड़क निर्माण और इंटरलाकिग टाइल्स के कई काम अब भी रुके हुए हैं। वार्ड नंबर आठ के बी ब्लाक सामुदायिक भवन के सामने इंटरलाकिग टाइल्स का काम करीब छह वर्ष पुराना है। ऐसे ही वार्ड नंबर दो के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र तथा वार्ड तीन और चार की संजय कालोनी, सेक्टर-23 में सड़क और इंटरलाकिग टाइल्स काम काम रुका हुआ है। सामग्री मंहगी होने के मुद्दे पर हो सकती है दिक्कत
कई ठेकेदारों का कहना है कि वह नया काम शुरू करने बारे में विचार कर रहे हैं। जिस समय नगर निगम ने काम अलाट किए थे। उस दौरान सीमेंट और अन्य सामग्री के दाम कम थे। मौजूदा समय में इनके दामों में करीब 25 फीसद तक इजाफा हुआ है। इस समस्या के समाधान के लिए वह केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और निगमायुक्त यशपाल यादव को हालात से अवगत कराएंगे। मेरे वार्ड में सीएम घोषणा के छह वर्ष पुराने काम रुके हुए थे। ठेकेदारों के भुगतान से हमें उम्मीद है कि नगर निगम के अलग-अलग वार्डों में अब काम में तेजी आएगी।
-ममता चौधरी, पार्षद, वार्ड नंबर आठ। वार्ड नंबर तीन और चार के अंतर्गत आने वाली सड़कों का काम होना है। सीएम घोषणा के कामों का भुगतान होने से अब बकाया काम चालू होने की उम्मीद बंधी है।
-जयवीर खटाना, पार्षद। हमने सीएम घोषणा के तहत कराए गए कामों का करीब 85 फीसद भुगतान कर दिया है। ठेकेदार अब काम को आगे रहे हैं। हम प्रयास कर रहे हैं कि जो थोड़ा सा भुगतान बाकी है, वह भी जल्द कर दिया जाए।
-यशपाल यादव, निगमायुक्त।
Source News: jagran
