
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच सख्ती भी तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में दक्षिणी दिल्ली के महरौली में इलाके में कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन करने पर एक क्लब को सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा निर्देशों के मद्देनजर की गई है। पूरा मामला बृहस्पतिवार रात का है और इसका पता मीडिया को शुक्रवार सुबह चला।
इसके साथ ही दक्षिण दिल्ली जिला प्रशासन की ओर से अपील भी की गई है कि सभी रेस्तरां को निर्देशित किया जाता है कि वे दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुनिश्चित करें कि वे डीडीएमए के दिशा-निर्देश के मुताबिक, अगले आदेश तक किसी भी होटल, बार या रेस्तरां में 50 फीसदी क्षमता के नियम के तहत ही लोगों को प्रवेश देंगे।
गौरतलब है कि डीडीएमए ने दिल्ली के सभी जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि राजधानी में क्रिसमस और नए साल के जश्न को लेकर कोई भीड़ भाड़ वाला कार्यक्रम नहीं हो। इसके साथ किसी तरह का जमावड़ा भी नहीं हो। डीडीएमए ने सभी जिलाधिकारियों को दिल्ली के उन इलाकों की पहचान करने का निर्देश दिया, जहां कोविड-19 के तेजी से फैलने की आशंका है। इसके अलावा ये भी सुनिश्चित करने को कहा है कि दुकानों और कार्यस्थलों पर ‘नो मास्क- नो एंट्री’ का सख्ती से पालन हो।
Source News: jagran
