
पुणेः महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय के 19 छात्र कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि जिले के परनेर तहसील के तकली ढोकेश्वर गांव में स्थित आवासीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय नेटवर्क का हिस्सा है जो केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आता है। स्कूल में पांचवीं से 12वीं कक्षा के 400 से अधिक विद्यार्थी हैं।
जिलाधिकारी राजेंद्र भोसले ने कहा, “पिछले तीन से चार दिनों में 19 विद्यार्थी संक्रमित पाए गए हैं। सभी पृथक-वास में भेज दिया गया है और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संक्रमित छात्रों में से अधिकांश में बीमारी के कोई लक्षण नहीं थे और कुछ में केवल हल्के लक्षण थे।”
बता दें कोरोनावायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट का खतरा नए साल के जश्न को फीका करने जा रहा है। यही वजह है कि मुंबई में बीएमसी ने नए साल का जश्न मनाने के लिए किसी भी बंद या खुली जगह पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। इसके अलावा दादर (पश्चिम) में एक लैब को भी बीएमसी ने सील कर दिया है। दरअसल, लैब में काम करने वाले 12 लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया।
Source News: punjabkesari
