
अब कोरोना नए रूप में लोगों को संक्रमित बना रहा है सर्दी, जुकाम, बुखार सिर व बदन दर्द के अलावा मरीजों में कुछ नए लक्षण भी देखने को मिल रहे हैं। रात में पसीना आना और डायरिया होना भी संक्रमण के नए लक्षण के तौर पर सामने आया है। कोरोना वायरस म्यूटेंट हो नए रूप में आ रहा है उसी प्रकार लक्षण भी बदल रहे हैं। जीआर मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डा.अजय पाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से फैलना शुरू हो गया है। ऐसे में कुछ मरीजों में डायरिया और रात को पसीना आने जैसे लक्षण भी देखे गए हैं। इसलिए ऐसे लक्षण महसूस होने पर भी सतर्क रहें, तुरंत डाक्टरी परामर्श ले और कोरोना जांच अवश्य करवाएं।
पहली लहर
पहली लहर में कोरोना संक्रमित मरीज में सर्दी, जुकाम, बुखार के अलावा गंध न आना, स्वाद का चले जाना जैसे लक्षण पाए जा रहे थे। जो लोग संक्रमित हुए थे उनमें यही लक्षण थे या फिर उनमें कोई लक्षण नहीं था।
दूसरी लहर
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में संक्रमित मरीज में सर्दी, जुकाम, बुखार, गंध न आना, स्वाद का चले जाना के अलावा सिर व बदन दर्द की शिकायत सामने आई थी। कुछ मरीज तो ऐसे सामने आए जिन्हें सर्दी, जुकाम व बुखार की कोई लक्षण नहीं थी। कुछ ऐसे भी थे जो सिर या बदन दर्द की शिकायत लेकर आए और जांच में संक्रमित पाए गए।
तीसरी लहर
तीसरी लहर में जो मरीज संक्रमित निकल रहे हैं, उनमें कोरोना का कौन सा वायरस है इसका भी ठीक से पता नहीं चल पा रहा है। संक्रमितों में पुराने लक्षण के अलावा डायरिया व रात में पसीना आने जैसे नए लक्षण भी सामन आ रहे हैं।
तीसरी लहर ने बढ़ायी चिंता
कोरोना का संक्रमण बहुत तेजी से फैलने वाला है। नए वैरिएंट की चपेट में आये लोग पुराने वैरिएंट से पांच गुना अधिक तेजी से फैल रहा है। एमआइटीएस के गणितज्ञ डा.आरएस जादौन ने बताया कि तीसरी लहर जब अपने चरम पर पहुंचेगी तो एक दिन में पिछली लहर से चार गुना अधिक मरीज सामने आ सकते हैं।
कोरोना से ऐसे करें बचाव
जीआर मेडिकल कालेज के प्रो.डा अजय पाल का कहना है कि कोरोना से बचने के लिए कोवडि नियमों का पालन करें। घर से बाहर निकलते समय मास्क अवश्य लगाये, भीड़ भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और शारिरिक दूरी बनाये रखें। घर में प्रवेश करने से पहले पूरी तरह से सैनिटाइज करवायें। घर में बच्चों व बुजुर्गो से दूरी बनाकर रखें।
Source News: jagran
