
फरीदाबाद : ऐलनाबाद से इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि देश में राजा तो बहुत रियायतों के हुए है, लेकिन उनके द्वारा किए गए कार्याें से ही इतिहास बनता है। शहीद राजा नाहर सिंह भी सही मायनों में ऐसे देशभक्त युवा राजा थे, जिनके तन, मन में देशभक्ति का जुनून बसता था और उन्होंने गोरे अंग्रेजों से देश को आजाद कराने के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमना पसंद किया, ताकि आने वाली पीढ़ी के भी रग-रग में देशभक्ति की भावना का संचार हो सके।
इनेलो विधायक रविवार को बल्लभगढ़ स्थित अमर शहीद राजा नाहर सिंह महल में उनके 164वें बलिदान दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के आयोजक राजा नाहर सिंह के वंशज राजकुमार तेवतिया व प्रपौत्र सुनील तेवतिया के संयोजन में हुआ। राजा नाहर सिंह सोसायटी प्रांगण में हुए कार्यक्रम में मुख्यातिथि अभय सिंह चौटाला का पगड़ी बांधकर स्वागत किया। सुनील तेवतिया ने राजा नाहर सिंह के पैतृक महल को संग्रहालय बनाने व राजा नाहर सिंह की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग रखी, ताकि आने वाली पीढ़ी को राजा नाहर सिंह के बलिदान का इतिहास का पता लग सके।
पूर्व विधायक आनंद कौशिक, कांग्रेस के पूर्व महासचिव प्रदीप जेलदार, इनेलो के कार्यकारी जिलाध्यक्ष देवेंद्र तेवतिया, अनिल तेवतिया, महासचिव बच्चू सिंह तेवतिया, जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बाबी रावत, जाजरू के सरपंच सतबीर डागर, सोसायटी अध्यक्ष सोहन लाल, उमेश कौशिक, दीपक डागर, वासुदेव गर्ग, ओमप्रकाश गर्ग, धर्मपाल चहल ने राजा नाहर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
