
बल्लभगढ़ : गांव जाजरू की जमीन में कैल गांव की तरफ बसी हुई तीन कालोनियों में एक भी बिजली का खंभा नहीं है। यहां पर केबल का जाल फैला हुआ है। यदि कभी एक केबल में फाल्ट हो गया, तो कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है।
गांव जाजरू में प्राइवेट बिल्डरों ने अपनी जमीन खरीद कर मजदूरों को प्लाट दे दिए हैं और यहां पर तीन कालोनी विकसित हो गई। करीब तीन हजार बिजली के मीटर लगे हुए हैं। इतने कनेक्शन होने के बाद यहां पर एक भी बिजली का खंभा नहीं है। कालोनी के रहने वाले सुरेश कुमार कहते हैं कि उनसे कनेक्शन देने के नाम पर 800 रुपये प्रति मीटर के हिसाब ले लिए, लेकिन कभी भी किसी कर्मचारी ने खंभा नहीं लगाया। यदि किसी के घर में बिजली नहीं आती है, तो लोग लकड़ी मारकर बिजली ठीक करते हैं। ऐसे में बिजली की तार टूटने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, उन्होंने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों से भी शिकायत की है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है। बिजली के खंभे लगाने के नाम पर एक बार फिर से कर्मचारी वसूली तो कर जाएंगे, पर खंभे शायद ही लगें। हम अधिकारियों को मौके पर भेज कर जांच कराएंगे। यदि वहां पर स्थिति ऐसी है, तो खंभे लगा दिए जाएंगे। स्थानीय लोगों की समस्या को अवश्य दूर किया जाएगा।
-नीरज दलाल, कार्यकारी अभियंता, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम
Source News: jagran
