
नई दिल्ली : कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों पर लगाम लगाने और इसके खतरे-प्रभाव को कम करने के लिए शुक्रवार रात 10 बजे से शुरू हुआ वीकेंड कर्फ्यू जारी है। 55 घंटे तक लगातार चलने वाली वीकेंड कर्फ्यू सोमवार को सुबह 5 बजे समाप्त होगा। इसको देखते हुए दिल्ली मेट्रो के परिचालन में भी बड़ा बदलाव किया गया है। ऐसे में अगर आप भी वीकेंड कर्फ्यू वाले दिन यानी शनिवार के साथ रविवार को भी दिल्ली मेट्रो के जरिये सफर करना चाहते हैं तो आप यह खबर जरूर पढ़ें, जिससे आप परेशानी से बच जाएंगे। दरअसल, कम यात्रियों की संख्या को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने ट्रेनों के फेरे कम किए हैं। डीडीएमए की गाइडलाइ के तहत यात्रियों को 15 से 20 मिनट पर मेट्रो मिलेगी।
दिल्ली मेट्रो की गाइडलाइन के मुताबिक, वीकेंड कर्फ्यू वाले दिन यानी शनिवार और रविवार को यलो लाइन यानी हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली और ब्लू लाइन यानी द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा इलेक्ट्रानिक सिटी, वैशाली पर मेट्रो 15 मिनट के अंतराल पर चलेगी। वहीं बाकी सभी लाइन पर मेट्रो 20 मिनट के अंतराल पर चलेगी। इसके बाद फिर सोमवार सुबह से शुक्रवार तक मेट्रो का परिचालन सामान्य समय से होगा।
यह भी जानें
- दिल्ली मेट्रो सिर्फ वीकेंड कर्फ्यू वाले दिन 15 से 20 मिनट के अंतराल पर चलेगी बाकी सभी दिन मेट्रो सामान्य समय पर ही चलेगी।
- दिल्ली मेट्रो में 100 प्रतिशत बैठने की अनुमति है, लेकिन कोई भी खड़ा हो कर यात्रा नहीं कर सकता है। ऐसे में मेट्रो के एक कोच में सिर्फ 50 लोग ही यात्रा कर सकते हैं।
- यात्रा के दौरान मास्क लगाना होगा।
- मेट्रो स्टेशनों और परिसर में मास्क लगाने के साथ शारीरिक दूरी का नियम मानना होगा। इसके अभाव में दिल्ली मेट्रो 200 रुपये का चालान करेगा।
Source News: jagran
