
नई दिल्ली: ओमिक्रॉन वैरिएंट की वजह से देशभर में COVID-19 संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं. बढ़ते संंक्रमण को देखते हुए यात्रा प्रतिबंध और स्वास्थ्य प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं. इसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अंतर-राज्यीय यात्रा (Inter-State Travel) के लिए एक जनरल एडवाइजरी जारी की है. अगर आप कहीं घूमने की प्लानिंंग कर रहे हैं तो जानिए अलग-अलग राज्यों में यात्रा के लिए क्या हैं नियम-
दिल्ली
दिशानिर्देशों के अनुसार, दिल्ली में आने वाले यात्रियों, खास ताैर से उन राज्यों से आने वाले यात्रियों के टेस्ट सैम्पल लिए जाएंगे, जहां लगातार कोविड के नए मामले सामने आ रहे हैं. सभी यात्रियों को थर्मल स्क्रीनिंग से गुजरना होगा. पॉजिटिव आने पर इन्हें 10 दिनों के लिए घर या अस्पताल में क्वारंटाइन में रहना होगा. यहां आने वाले सभी यात्रियों के लिए आरोग्य सेतु ऐप अनिवार्य होगा.
गोवा
सभी यात्रियों को निगेटिव COVID-19 टेस्ट रिपोर्ट दिखानी होगी. ये गोवा पहुंचने से पहले 48 घंटे से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए. अगर आपके पास ये रिपोर्ट नहीं है तो आपको एक अनिवार्य COVID-19 टेस्ट से गुजरना होगा.
जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर आने वाले यात्रियों के लिए निगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट जरूरी होगी, जो उनके राज्य में प्रवेश करने से पहले 72 घंटे से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए. अगर आपके पास टेस्ट रिपोर्ट नहीं है, तो यहां आने पर आपको टेस्ट से गुजरना होगा. जम्मू-कश्मीर हवाई अड्डे पर आने वाले सभी यात्रियों को उनके COVID-19 टेस्ट परिणाम आने तक संस्थागत क्वारंटाइन में रहना होगा.
तमिलनाडु
दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात से राज्य में प्रवेश करने वाले सभी लोगों को COVID-19 टेस्ट से गुजरना होगा. अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के लिए नियम ये है कि केवल लक्षण वाले यात्रियों को ही COVID टेस्ट कराना होगा.
मध्य प्रदेश
यात्रियों को जरूरी थर्मल स्क्रीनिंग से गुजरना होगा. महाराष्ट्र से आने वाले लोगों को अनिवार्य आरटी-पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट देनी होगी जो यात्रा से 72 घंटे पहले किया गया हो. रिपोर्ट न दिखाने पर आपको टेस्ट से गुजरना होगा. टेस्ट रिजल्ट पॉजिटिव आने पर 10 दिनों के लिए डॉक्टर की देखरेख में क्वारंटाइन में रहना होगा.
Source News: zeenews
